भोपाल, 08 जनवरी (वार्ता) आगामी 26 जनवरी को इंदौर के पास महू में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की उपस्थिति में आयोजित “जय बापू-जय भीम-जय संविधान” अभियान रैली को बेहतर ढंग से आयोजित करने के लिए मध्यप्रदेश कांग्रेस की ओर से तैयारियां प्रारंभ कर दी गयी हैं।
प्रदेश कांग्रेस की ओर से आज मुहैया करायी गयी जानकारी के अनुसार पार्टी महासचिव एवं प्रदेश प्रभारी जितेन्द्र सिंह ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी की सहमति से कांग्रेस नेताओं को संभागवार समन्वय बनाने और अधिक से अधिक संख्या में कांग्रेसजनों के इस कार्यक्रम में भाग लेने के संबंध में जिम्मेदारी सौंपी है।
रैली के लिए विधानसभा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह को रीवा, श्री अरुण यादव-जबलपुर, श्री बाला बच्चन-नर्मदापुरम, श्री सज्जन सिंह वर्मा-इंदौर, श्री कमलेश्वर पटेल-सागर, श्री ओमकार मरकाम-शहडोल, श्री जयवर्धन सिंह-ग्वालियर, श्री आरिफ मसूद-भोपाल, श्री हेमंत कटारे-चंबल और श्री महेश परमार को उज्जैन संभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा प्रदेश स्तर पर कांग्रेस नेताओं से समन्वय, प्रचार-प्रसार, यातायात, आमसभा व्यवस्था, भोजन व्यवस्था, ठहरने, सोशल मीडिया, मीडिया, कंट्रोल रूम आमंत्रण और पास बांटने के संबंध में विभिन्न समितियां बनायी गई हैं। ये सभी समितियां अपने-अपने दायित्व का निर्वहन करेंगी।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से वरिष्ठ नेताओं की एक समन्वय समिति बनायी गई है, जिसमें प्रभारी जितेन्द्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष श्री पटवारी, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मुख्यमंत्रीद्वय कमलनाथ और दिग्विजय सिंह, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्षद्वय कांतिलाल भूरिया और अरुण यादव तथा कांग्रेस कमेटी के सह सचिव और प्रदेश प्रभारी संजय दत्त, चंदन यादव और आनंद चौधरी भी शामिल किए गए हैं। इसके अलावा अन्य समितियां भी गठित की गयी हैं।
डॉ भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के लिए तैयारियां प्रदेश कांग्रेस स्तर पर केंद्रीय कार्यालय के साथ समन्वय बनाकर किया जा रहा है।
