रंगपंचमी पर निकलने वाली ऐतिहासिक गेर और फाग यात्राओं को लेकर पुलिस ने व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए हैं. शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 2500 से अधिक पुलिस जवान तैनात किए हैं, वहीं गेर मार्ग पर ड्रोन और हाई-रिजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरों के जरिए हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी.रंगपंचमी के मद्देनजर पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने शनिवार को पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
बैठक में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह, आर.के. सिंह सहित सभी डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी और थाना प्रभारी मौजूद रहे. गेर और फाग यात्रा के पूरे मार्ग को छह सेक्टरों में विभाजित कर वरिष्ठ अधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों की तैनाती की है. पूरे गेर मार्ग पर 12 पुलिस सहायता मंच और 11 वॉच टॉवर बनाए गए हैं, जहां से पुलिसकर्मी पीए सिस्टम, दूरबीन और अन्य संसाधनों के साथ भीड़ और गतिविधियों पर नजर रखेंगे.
पुलिस ने पूरे मार्ग पर ड्रोन और हाई-रिजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरों का नेटवर्क तैयार किया है, जिसकी मॉनिटरिंग केंद्रीकृत कंट्रोल रूम से की जाएगी. कोई भी गड़बड़ी करने वाले गुंडे-बदमाशों और असामाजिक तत्वों के लिए अस्थायी जेल और जेल वाहन भी तैयार रखे हैं. वहीं महिलाओं से छेड़छाड़, जबरन रंग लगाने और नशे में उत्पात मचाने वालों पर विशेष नजर रखने के लिए महिला पुलिस के विशेष दस्ते और सादी वर्दी में टीमें भी तैनात की गई हैं. बैठक के बाद पुलिस अधिकारियों ने गेर व चल समारोह के मार्ग का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया.
