सागर में गदेरी नदी का रौद्र रूप, तेज बहाव के बीच फंसे 9 युवक-युवतियां; पुलिस-SDRF ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

सागर: जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण नदी-नाले उफान पर हैं। सानौधा थाना क्षेत्र के आबचंद गुफा इलाके में गदेरी नदी का जलस्तर बढ़ने और तेज बहाव के चलते 9 युवक-युवतियां नदी के बीच पानी से घिरकर फंस गए। चारों ओर पानी और तेज बहाव के कारण उनकी स्थिति बेहद खतरनाक हो गई थी। सूचना मिलते ही चौकी शाहपुर प्रभारी उप निरीक्षक मनीषा ने वरिष्ठ अधिकारियों और एसडीआरएफ टीम को जानकारी दी। मौके पर पहुंची टीम के लिए सीधे रास्ते से फंसे लोगों तक पहुंचना बेहद मुश्किल था। इसके बाद पुलिस अधिकारियों ने आबचंद गांव की ओर से वैकल्पिक रास्ते से पहुंचने की रणनीति बनाई।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर नरेंद्र सोलंकी और एसडीओपी रहली प्रकाश मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके की ओर रवाना हुए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद, जीपीएस नेविगेशन और सर्चलाइट की सहायता से टीम जंगल के रास्ते फंसे लोगों के करीब पहुंची। इसके बाद होमगार्ड कमांडेंट भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसडीआरएफ टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। एसडीआरएफ जवानों ने तेज बहाव और खतरनाक परिस्थितियों के बीच नदी में उतरकर सभी 9 युवक-युवतियों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस, एसडीआरएफ, होमगार्ड और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से बड़ा हादसा टल गया। रेस्क्यू के बाद सभी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया और स्वस्थ पाए जाने पर उन्हें सुरक्षित उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

Next Post

एसपी आनंद कलादगि (भापुसे)ने जारी की तबादला सूची, 4 थानों-शाखाओं के प्रभारी बदले, पटेरा रचना मिश्रा, रनेह की कमान मिली नीतीश जैन

Sun Aug 23 , 2026
विनय असाटी दमोह:पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (भा.पु.से.) ने प्रशासनिक दृष्टि से पुलिस अधिकारियों के प्रभारों में फेरबदल करते हुए एक नई सूची जारी की है। जारी सूची के अनुसार किए गए प्रमुख बदलाव में निरीक्षक रचना मिश्रा को एजेक शाखा से हटाकर थाना पटेरा का थाना प्रभारी बनाया गया है।निरीक्षक […]

You May Like