कंगना रनौत ने ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के साथ ‘भारत भाग्य विधाता’ की स्क्रीनिंग में भारत के अनदेखे हीरोज़ को किया सलाम

भुवनेश्वर, 05 जून (वार्ता) फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की विशेष स्क्रीनिंग के दौरान अभिनेत्री कंगना रनौत और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने हेल्थकेयर क्षेत्र से जुड़े उन कर्मियों को सम्मानित किया, जो अक्सर सुर्खियों से दूर रहकर समाज की सेवा करते हैं। इस विशेष कार्यक्रम में नर्सों, वार्ड बॉयज़, अस्पताल सुरक्षा कर्मियों, सफाई कर्मचारियों और अन्य सहयोगी स्टाफ को उनके योगदान के लिए ‘भारत भाग्य विधाता’ बैज प्रदान किया गया। कंगना रनौत और मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने इन कर्मियों को देश का वास्तविक “भाग्य विधाता” बताते हुए उनके समर्पण और सेवा भावना की सराहना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कंगना रनौत ने कहा कि ‘भारत भाग्य विधाता’ भारत की आत्मा, देशभक्ति और निस्वार्थ सेवा की भावना को समर्पित फिल्म है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म उन आम लोगों की कहानी है, जो बिना किसी पहचान या प्रशंसा की अपेक्षा के समाज के लिए काम करते हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी का कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आभार भी व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा कि ‘भारत भाग्य विधाता’ शब्द हर भारतीय के मन में देशभक्ति की भावना जगाता है। उन्होंने कहा कि ओडिशा के लिए यह गर्व का विषय है कि फिल्म की पूरी टीम राज्य में पहुंची है।
मुख्यमंत्री ने फिल्म की कहानी और कंगना रनौत के अभिनय की सराहना करते हुए कहा कि यह फिल्म संकट के समय स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करती है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी अपने कार्यक्रम ‘मन की बात’ के माध्यम से ऐसे अनसुने नायकों को सामने लाते रहे हैं और यह फिल्म भी समाज के ऐसे लोगों को पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।

भुवनेश्वर के बाद फिल्म की टीम रायपुर, जोधपुर, दिल्ली और जयपुर में भी विशेष स्क्रीनिंग आयोजित करेगी, जहां विभिन्न क्षेत्रों के फ्रंटलाइन वॉरियर्स को सम्मानित किया जाएगा। फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ अस्पताल की पृष्ठभूमि पर आधारित है और उन कर्मचारियों की कहानी को सामने लाती है, जो संकट के दौर में भी अपने कर्तव्यों से पीछे नहीं हटते। फिल्म में कंगना रनौत एक स्टाफ नर्स की भूमिका में नजर आएंगी, जो कठिन परिस्थितियों में सैकड़ों लोगों की उम्मीद बनकर उभरती है। फिल्म में कंगना रनौत के अलावा गिरीजा ओक, स्मिता तांबे, अमृता नामदेव, ईशा डे, प्रिया बेर्डे, आशा शेलार, सुहिता थत्ते, रसिका अगाशे, आदित्य मिश्रा और ज़ाहिद खान भी प्रमुख भूमिकाओं में दिखाई देंगे।
डॉ. जयंतीलाल गड़ा (पेन स्टूडियोज़) द्वारा प्रस्तुत यह फिल्म पेन स्टूडियोज़, मणिकर्णिका फिल्म्स और परम्हंस क्रिएशन्स के बैनर तले निर्मित की गई है और 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

.....

Next Post

एआईएमआईएम अध्यक्ष ओवैसी ने पश्चिम बंगाल में कल्याणकारी योजनाओं के लाभ को मतदाता सूची से जोड़ने पर उठाये सवाल

Sat Jun 6 , 2026
हैदराबाद, 06 जून (वार्ता) ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल सरकार की आलोचना की। उन्होंने उन खबरों पर सवाल उठाये हैं, जिनमें कहा गया है कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बाद सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के राशन और […]

You May Like