इंदौर: वन विभाग की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए धार रोड स्थित नूरानी नगर चौराहे से नीम की गोल लकड़ी से भरा आयशर वाहन जब्त किया है. वाहन चालक के खिलाफ वन प्रकरण दर्ज किया.बुधवार को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध वाहन में बिना वैध दस्तावेज के लकड़ी का परिवहन किया जा रहा है. इस पर वन परिक्षेत्र अधिकारी इंदौर के निर्देशन में टीम ने धार रोड स्थित नूरानी नगर चौराहे पर पहुंचकर आयशर वाहन क्रमांक एमपी 09 जीजी 1719 की जांच की तो नीम प्रजाति की गोल लकड़ी मिली.
चालक अनिल पिता मदनलाल निवासी कजलीवन, तहसील हाटपीपल्या, जिला देवास से लकड़ी के दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका. पूछताछ में उसने बताया कि वह लकड़ी मानपुर क्षेत्र से भरकर ला रहा था. टीम ने पीओआर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. कार्रवाई में वन परिक्षेत्र अधिकारी के साथ वनरक्षक आशीष कुशवाह, अमित तोमर और अमन मालवीय शामिल रहे.
