ग्वालियर: लायंस क्लब द्वारा संकल्प सेवा सप्ताह के अंतर्गत रंगमहल बैंक्वेट में आयोजित भजन क्लबिंग का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत युवा कवि सम्मेलन से हुई, जिसमें धर्मवीर धर्म, शिवांगी प्रेरणा (भोपाल) एवं संदीप द्विवेदी (दिल्ली) से आए युवा कवियों ने अपनी शानदार रचनाओं की प्रस्तुति दी। जोश, श्रृंगार और हास्य के अनूठे मिश्रण से सजी प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को तालियों की गड़गड़ाहट से सराबोर कर दिया।
इसके पश्चात भजन क्लबिंग में प्रसिद्ध गायिका महक शर्मा ने भगवान राम, श्रीकृष्ण एवं भोलेनाथ को समर्पित मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे सभागार को भक्तिरस में डुबो दिया। भजनों की मनमोहक धुनों पर उपस्थित जनसमूह भक्ति में थिरकता नजर आया और पूरा वातावरण आध्यात्मिक आनंद से भर उठा। रंगमहल बैंक्वेट का सभागार सभी वर्गों के लोगों से खचाखच भरा रहा।
कार्यक्रम में लोकेन्द्र पाराशर, एल.जी. भोजवानी, नरेंद्र अग्रवाल, संदीप जैन, केशव वैश्य,नरेंद्र सिंहल,पंकज शर्मा, पुनीत अग्रवाल सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सूत्रधार गुरुकुल ड्रीम फाउंडेशन के आकाश वरुआ रहे। इस अवसर पर पंकज शर्मा, आशीष शर्मा, राहुल गोयल, अजय मित्तल, सुनील कोहली सहित लायंस क्लब के बड़ी संख्या में सदस्य एवं सहयोगी उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने सेवा सप्ताह की गतिविधियों को सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं आध्यात्मिक रंग प्रदान करते हुए सभी उपस्थितजनों को आनंद और भक्ति से जोड़ दिया।
