अम्मान, 15 नवंबर (वार्ता) जॉर्डन की एक अदालत ने रविवार को तीन लोगों को मौत की सजा सुनाई। इन पर गत अक्टूबर में सेंट जॉर्ज चर्च पर हुए हमले का दोष सिद्ध हुआ है। इस आतंकवादी हमले में नौ लोगों की मौत हुई थी और कई अन्य घायल हो गए थे।
स्थानीय समाचार पत्र ‘जॉर्डन टाइम्स’ के अनुसार, करक के हमूद स्थित इस चर्च पर 23 अक्टूबर को हमला हुआ था। इस मामले में कुल पांच आरोपियों पर आतंकवाद से जुड़े मुकदमे चल रहे हैं। इनकी सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए की जा रही है।
इस महीने की शुरुआत में अभियोजक ने बताया था कि मामले की जांच पूरी कर ली गई है। इसमें गवाहों के बयान, अपराध स्थल से साक्ष्य जुटाना, हथियारों की बरामदगी और आरोपियों से पूछताछ जैसी सभी प्रक्रियाएं शामिल थीं।
मामले में आतंकवाद-रोधी सहित दूसरे कानूनों के तहत आरोपियों पर सात गंभीर आरोप दर्ज किए थे। इनमें हत्या के नौ मामलों में मिलीभगत, हथियारों का इस्तेमाल कर आतंकी कृत्य करना और इसके लिए हथियार अपने पास रखना शामिल है।
इसके अलावा, आरोपियों पर आतंकी साजिश रचने, एक आतंकवादी संगठन की विचारधारा का प्रचार करने तथा सार्वजनिक सुरक्षा और व्यवस्था को खतरे में डालने के आरोप भी लगाए गए थे।

