इंदौर: शहर में पुलिस ने शनिवार को अवैध हथियार रखने के चार अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया. सभी के पास से धारदार चाकू व छुरे बरामद किए गए हैं.कनाड़िया थाना पुलिस ने एचआर रिसॉर्ट के पास आर्यन मछार को पकड़ा, जिसके कब्जे से खटकेदार चाकू बरामद हुआ. वहीं, दूसरी कार्रवाई में गज्जू डावर को गिरफ्तार किया, जिसके कमर से लोहे का धारदार छुरा मिला.
परदेशीपुरा थाना क्षेत्र में कल्याण मील मेन रोड पर पुलिस ने रवि उर्फ डेनी राजपूत से तड़तड़ीदार चाकू जब्त किया. आरोपी के पास हथियार रखने का कोई लाइसेंस नहीं था. खजराना पुलिस ने देर रात स्टार चौराहा सर्विस रोड पर मोहम्मद सलमान को पकड़ा, जिसके पास से 13 इंच लंबा धारदार छुरा बरामद किया. सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है.
इसी तरह भंवरकुआं पुलिस ने एक युवक को गुप्ती के साथ गिरफ्तार किया. वह सार्वजनिक स्थान पर हथियार लहराकर लोगों में दहशत फैला रहा था. मुखबिर से सूचना मिली थी कि भंवरकुआं चौराहे के पास एक युवक हाथ में गुप्ती लेकर घूम रहा है. बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी को घेराबंदी कर पकड़ा. पूछताछ में उसने अपना नाम सन्नी पिता ताराचंद्र मानकर, निवासी हरन्या खेड़ी, काकंड, किशनगंज बताया. सभी आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर पूछताछ कर रही है.
