नयी दिल्ली 02 अगस्त (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रमंडल खेलों 2026 की विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन कर पदक जीतने वाले भारतीय एथलीट गुलवीर सिंह, उन्नति शर्मा, अंकुश पांघल और नरेंद्र बेरवाल को बधाई दी। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पोस्ट किये गये संदेशों के जरिए इन भारतीय एथलीटों को बधाई और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। उन्होंने लिखा, ” गुलवीर सिंह ने इतिहास रच दिया है। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में कांस्य पदक जीता है। उन्हें बधाई। इस शानदार प्रदर्शन के साथ, वह एक ही कॉमनवेल्थ गेम्स में दो एथलेटिक्स मेडल जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं। वह पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में कॉमनवेल्थ गेम्स का पदक जीतने वाले पहले भारतीय भी हैं। यह वाकई भारतीय एथलेटिक्स के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। उन्हें मेरी शुभकामनाएं।
अन्य पोस्ट में श्री मोदी ने लिखा, “जूडो में भारत के लिए और गौरव। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं की 63 किग्रा कैटेगरी में कांस्य पदक जीतने पर उन्नति शर्मा को बधाई। खेलों के दौरान उनका समर्पण और दृढ़ संकल्प साफ तौर पर दिखाई दिया। उम्मीद है कि वह अपने आने वाले सभी प्रयासों में बेहतरीन प्रदर्शन करती रहेंगी। एक अन्य पोस्ट में उन्होंने लिखा, ” 2026 कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुषों की 80 किग्रा मुक्केबाजी वर्ग में स्वर्ण पदक जीतने पर अंकुश पांघल पर गर्व है। खेलों के दौरान उनकी ताकत और कौशल वाकई तारीफ के काबिल थे। उनके आने वाले प्रयासों के लिए शुभकामनाएं। उम्मीद है कि यह उपलब्धि और भी कई युवा बॉक्सरों को बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगी।”
उन्होंने कहा, “बहुत खुशी है कि नरेंद्र बेरवाल ने कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुषों की 90 किग्रा मुक्केबाजी स्पर्धा में रजत पदक जीता है। पूरी प्रतियोगिता के दौरान जबरदस्त साहस और दृढ़ संकल्प दिखाने के लिए उन्हें बधाई। उम्मीद है कि भविष्य में उन्हें और भी कई उपलब्धियां मिलेंगी”

