
नयी दिल्ली, 11 सितंबर (वार्ता) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि मोदी सरकार में देश की शिक्षा व्यवस्था निराशाजनक स्थिति में पहुंच गयी है और यह उसी पीढ़ी को निराश कर रही है जिसे आगे बढ़ाने के लिए इसे तैयार किया गया था।
श्री गांधी ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर कहा कि पेपर लीक, बढ़ती फीस और जर्जर बुनियादी ढांचे के बीच लाखों युवा ईमानदारी से मेहनत करते हैं, लेकिन व्यवस्था फिर भी उन्हें निराश करती है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को सुधारने की शुरुआत उन लोगों की बात सुनने से होगी, जो रोजाना इसकी खामियों का सामना करते हैं। उन्होंने छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों से पूछा कि उन्होंने शिक्षा व्यवस्था से उम्मीद क्यों खो दी है तथा अपने अनुभव, साक्ष्य और सुझाव साझा करने की अपील की।
