नयी दिल्ली, 02 जुलाई (वार्ता) आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर प्रभु श्री राम के मंदिर में चंदा चोरी के असली गुनहगारों को बचाने का आरोप लगाया है।
श्री केजरीवाल ने गुरुवार को यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि श्री राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी हुई है, अब यह सब लोग मान रहे हैं लेकिन क्या असली दोषियों को, जो बड़े-बड़े प्रभावशाली और ताकतवर लोग इसमें शामिल हैं, उनको सजा मिल पाएगी? उनकी गिरफ्तारियां होंगी? क्या उनके खिलाफ कार्रवाई होगी? हर जगह खूब हल्ला मचाया गया है कि प्रधानमंत्री किसी को छोड़ेंगे नहीं, किसी को बख्शेंगे नहीं। उन्होंने कहा कि पूरा घटनाक्रम यह जरूर दिखाता है कि मोदी जी ने पूरे मामले को रफा-दफा करने, उसको ढकने और दोषियों को बचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने खुद एक ट्रस्ट बनाया और उन्होंने एक-एक व्यक्ति को खुद चुना है। इस ट्रस्ट में प्रधानमंत्री के अपने लोग हैं। चंपत राय प्रधानमंत्री के बहुत खास माने जाते हैं। चंपत राय उनके अपने आदमी माने जाते हैं। वर्ष 2021 में वहां जमीनों के खूब घोटाले हुए। एक पाठक परिवार ने दो करोड़ की जमीन इनकी पार्टी के एक व्यक्ति को बेची और 10 मिनट के अंदर उस व्यक्ति ने वही जमीन 18 करोड़ रुपए में मंदिर ट्रस्ट को बेच दी। 10 मिनट के अंदर दो करोड़ की जमीन 18 करोड़ की हो गयी। क्या प्रधानमंत्री को इसका पता नहीं चला? पूरी दुनिया को पता था, मीडिया में भी आया था। इसी तरह से 3 करोड़ की जमीन 24 करोड़ में ट्रस्ट को बेच दी गयी। नौ करोड़ की जमीन 55 करोड़ में बेच दी गयी। चौदह करोड़ की जमीन 95 करोड़ में मंदिर ट्रस्ट ने खरीदी।
क्या प्रधानमंत्री इसका पता नहीं चला? यह सब सार्वजनिक डोमेन में हैं, फिर भी क्या प्रधानमंत्री पता नहीं चला? श्री केजरीवाल ने कहा कि मंदिर निर्माण में इंजीनियर्स का आरोप है कि उनसे टेंडरों पर 40-40 फीसदी कमीशन मांगा जाता था। क्या प्रधानमंत्री को इसका पता नहीं चला? 40 दिन में 70 बार सीसीटीवी कैमरों के अंदर चोरी पकड़ी गयी, क्या उन्हें पता नहीं चला? उन्होंने कहा कि हमारे सांसद संजय सिंह जब जमीनों के घोटाले के कागज लेकर एसआईटी के पास गये, तो एसआईटी ने जो कहा वह चौंकाने वाला था। एसआईटी ने कहा कि वे जमीनों के घोटाले की तो जांच ही नहीं कर रहे हैं, वे तो केवल चढ़ावे की जांच कर रहे हैं। तो यह एसआईटी कर क्या रही है? श्री केजरीवाल ने कहा कि देश की जनता यह जानना चाहती है कि वे किसको बचा रहे हैं, क्यों बचा रहे हैं और उनकी क्या मजबूरी है? देश के करोड़ों लोगों की आस्था को ठेस पहुंची है।

