इंदौर:मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा इन्दौर में आयोग की भर्ती परीक्षाओं में प्रश्नपत्र रचना एवं मूल्यांकन में गुणवत्ता उन्नयन विषय पर दो दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार एवं प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ हुआ. यह आयोजन होटल इन्फिनिटी में किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि प्रोफेसर पवन सिन्हा थे. अध्यक्षता प्रो. राजेश लाल मेहरा ने की।कार्यक्रम का उद्घाटन अभ्युदय सत्र से हुआ, जिसमें सरस्वती वंदना, वंदेमातरम् तथा डिण्डोरी के गोंडी पंडवानी दल की सांस्कृतिक प्रस्तुति शामिल रही.
आयोग की सचिव राखी सहाय ने स्वागत भाषण दिया, जबकि डॉ. रवीन्द्र पंचभाई ने कार्यशाला की संकल्पना प्रस्तुत की. डॉ. वी.के. गुप्ता ने बीज वक्तव्य में परीक्षा प्रणाली में गुणवत्ता सुधार पर प्रकाश डाला. मुख्य अतिथि प्रो. पवन सिन्हा ने प्रश्नपत्र निर्माण में भारतीय संस्कृति और मूल्यों को शामिल करने पर बल दिया। वहीं अध्यक्ष प्रो. मेहरा ने चयन प्रक्रिया के सामाजिक प्रभाव और पारदर्शिता के महत्व को रेखांकित किया.
गुणवत्ता बढ़ाने के उपाय बताए
तकनीकी सत्रों चिंतन और मनन में विभिन्न विषयों—इतिहास, भूगोल, विज्ञान, गणित, विधि एवं भाषा- पर विशेषज्ञों ने प्रश्नपत्र निर्माण की गुणवत्ता बढ़ाने के उपाय बताए. डॉ. विनोद शर्मा और डॉ. अमीय पहारे ने विशेष रूप से प्रश्नों की विविधता और समसामयिकता पर जोर दिया. कार्यक्रम का समापन ‘मंथन’ कार्यशाला और सांस्कृतिक संध्या के साथ हुआ, जिसमें आदिवासी कला-संस्कृति की आकर्षक प्रस्तुति दी गई.
