नयी दिल्ली, 25 अगस्त (वार्ता) उपराष्ट्रपति पद निर्वाचन के लिए नाम वापस लेने की अंतिम तिथि के बाद दो उम्मीदवार ही चुनाव मैदान में हैं।
उपराष्ट्रपति पद के लिए नौ सितम्बर को मतदान होना है और उसी दिन मतदान के बाद मतगणना कराई जाएगी।
उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए महासचिव राज्य सभा को निर्वाचन अधिकारी बनाया गया है। राज्य सभा महासचिव पी.सी. मोदी इस चुनाव के लिए निर्वाचन अधिकारी हैं। निर्वाचकगण में संसद के दोनों सदनों के सदस्य शामिल होते हैं। राज्यसभा के नामनिर्देशित सदस्य भी निर्वाचकगण में शामिल होने के पात्र हैं।
उन्होंने बताया कि आज 25 अगस्त उपराष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए नाम वापस लेने की अंतिम तारीख के बाद दो उम्मीदवार बुचिरेड्डी सुदर्शन रेड्डी तथा सी.पी. राधाकृष्णन ही मैदान में हैं। मतदान मंगलवार नाै सितंबर को संसद भवन के कक्ष संख्या एफ-101 वसुधा में होगा। मतदान सुबह 10 बजे से प्रारंभ होकर शाम पांच बजे समाप्त हो जाएगा। मतों की गणना उसी दिन शाम छह बजे प्रारंभ होगी और मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित कर दिये जाएंगे।
