बलिदान और संघर्ष पर टिकी है लोकतंत्र की नींव: रेखा गुप्ता

नयी दिल्ली, 25 अगस्त (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को कहा कि भारत के लोकतंत्र की नींव बलिदान और संघर्ष पर टिकी है और हर जनप्रतिनिधि का पहला संकल्प राष्ट्रहित होना चाहिए।

श्रीमती गुप्ता ने दिल्ली विधानसभा में आयोजित ऑल इंडिया स्पीकर्स कॉन्फ्रेंस के समापन सत्र में कहा कि यह सम्मेलन सभी राज्यों से आए स्पीकर और डिप्टी स्पीकर के लिए अपने दायित्व और प्रतिबद्धता को पुनः स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि भारतीयों द्वारा विधानसभा की अध्यक्षता संभालना देश के लोकतंत्र की वास्तविक शुरुआत थी। स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदानों को नमन करते हुए उन्होंने कहा , “आज जब हमें अपने संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं के साथ स्वतंत्र भारत का नेतृत्व करने का अवसर मिला है तो यह हमारी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है कि हम उस आजादी की गरिमा को और मज़बूत करें। ” उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनप्रतिनिधियों को हमेशा ‘राष्ट्र प्रथम, पार्टी द्वितीय, स्वयं अंतिम’ के सिद्धांत पर काम करना चाहिए। विचारों में मतभेद लोकतंत्र की शक्ति है, लेकिन जनता और राष्ट्रहित से जुड़े निर्णयों में सभी दलों को एकजुट होकर खड़ा होना चाहिए।

उन्होंने महान स्वत्रतंत्रा सेनानी विट्ठल भाई पटेल के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी लोकतंत्र और विधायी कार्यों के आदर्श स्थापित किए। आज सभी जनप्रतिनिधियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि सदनों में होने वाली बहस और चर्चा जनता के हित में हो तथा लोकतंत्र की गरिमा बढ़ाने वाली हो। उन्होंने कहा कि जब पूरा देश अपने निर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सदनों में देखता है तो उसे उम्मीद रहती है कि वे उसकी आवाज़ उठाएंगे और राष्ट्रहित में निर्णय लेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह समय सभी जनप्रतिनिधियों के लिए नयी ऊर्जा और नए संकल्प का है। उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं को पूरा करना ही सबसे बड़ा राष्ट्रधर्म है। इसी विज़न के साथ सभी जनप्रतिनिधियों को देशहित को सर्वोपरि रखते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।

 

Next Post

कांग्रेस अमावस्या, भाजपा पूर्णमासी: नड्डा

Mon Aug 25 , 2025
जबलपुर से चार संभागों के कार्यकर्ताओं को किया संबोधित   जबलपुर। कांग्रेस अमावस्या, भाजपा पूर्णमासी है। 2014 भारतीय राजनीति का टर्निंग पाइंट रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रिस्पॉन्सिबल, रिस्पॉसिव और रिपोर्ट कॉर्ड वाली सरकारों का दौर शुरू किया है। हमारी अर्थव्यवस्था को डेड इकॉनामी बता रहे हैं डेड कांग्रेस […]

You May Like