सतना :जिले के चित्रकूट क्षेत्र के मझगवां वन परिक्षेत्र अंतर्गत सरभंगा रोड पर रविवार की शाम दो वयस्क बाघ चहलकदमी करते नजर आए. वहां से गुजर रहे राहगीरों ने बाघों की चहलदकमी का वीडियो भी बना लिया. वहीं यह जानकारी सामने आने पर स्थानीय रहवासियों ने सावधानी बरतनी शुरु कर दी. प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार की शाम लगभग 5 बजे सरभंगा रोड पर बरहा के समीप से गुजर रहे वाहन सवार उस वक्त भौचक्के रह गए जब उन्हें सडक़ किनारे दो वयस्क बाघ चहदकदमी करते दिखाई दिए.
बाघों के मूवमेंट को देखते हुए राहगीरों ने पूरी सावधानी बरतते हुए एक ओर जहां गाड़ी रोक दी. वहीं दूसरी ओर फौरन ही वाहन के सारे शीशे बंद कर दिए गए. कुछ देर तक वहां पर खड़े रहने के बाद दोनों बाघ एक एक करके सडक़ पार करते हुए जंगल के अंदर की ओर निकल गए. हलांकि इस दौरान बाघों की नजर वाहन पर भी पड़ी. लेकिन उसे अधिक तवज्जो नहीं देते हुए दोनों बाघ आराम से चहलकदमी करते हुए जंगल में प्रवेश कर गए.
राहगीर द्वारा हिम्मत जुटाते हुए इस घटना से संबंधित वीडियो बना लिया गया. जिसकी जानकारी सामने आने पर वन अमले द्वारा स्थानीय रहवासियों को सावधान रहने की ताकीद की गई. स्थानीय रहवासियों को इस बात की स्पष्ट हिदायत दी गई कि कोई भी अकेले में बाहर न निकले. यदि आवश्यक हो तो समूह में लाठी साथ लेकर निकलें. इसके साथ ही मवेशियों को भी सुरक्षित रखने की सलाह भी दी गई.
