
रीवा, बाढ़ राहत सर्वे कार्य में गंभीर लापरवाही बरतने पर एसडीएम सिरमौर ने हटवा हल्का के पटवारी मनोज सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। तहसील क्षेत्र में 19 और 20 अगस्त को हुई भारी वर्षा के कारण जलभराव, पशुहानि, जनहानि, मकानों के नुकसान तथा खाद्य सामग्री के क्षतिग्रस्त होने की स्थिति बनी थी, जिसके तुरंत बाद तहसीलदार द्वारा सभी हल्का पटवारियों को मौका मुआयना कर प्रभावितों को तत्काल सहायता राशि दिलाने के लिए सर्वे के निर्देश दिए गए थे।
सर्वे के इन निर्देशों के बावजूद पटवारी मनोज सिंह ने अपने क्षेत्र में भ्रमण कर सर्वे का कार्य प्रारंभ नहीं किया और न ही इस संबंध में कोई रिपोर्ट प्रस्तुत की। वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दूरभाष पर संपर्क साधने का प्रयास करने पर भी पटवारी ने न तो फोन उठाया और न ही बाद में कोई जानकारी दी। आपदा प्रबंधन जैसे अति-संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण कार्य में इस तरह की स्वेच्छाचारिता, गंभीर लापरवाही और वरिष्ठों के आदेशों की अवहेलना को मध्य प्रदेश सिविल सेवा आचरण नियमों के विपरीत मानते हुए एसडीम द्वारा यह कार्रवाई की गई है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय तहसीलदार कार्यालय सिरमौर नियत किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। पटवारी के खिलाफ विभागीय जांच भी संस्थित कर दी गई है। मामले की विस्तृत जांच के लिए सिरमौर तहसीलदार को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है, जिन्हें एक सप्ताह के भीतर आरोप-पत्र तैयार कर अनुविभागीय अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
