सतना: शहर की खस्ताहाल सडक़ें, धूल के गुबार और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं जहां लगातार चर्चा में हैं, वहीं नगर निगम की मेयर-इन-काउंसिल की बुधवार को हुई बैठक में स्थानों के नाम बदलने के प्रस्ताव प्रमुखता से सामने आए। शहर की पहचान रहे 12 तालाबों के नाम बदलने की मंजूरी दी गई। इनमें नारायण तालाब का नाम झूलेलाल सरोवर रखने का प्रस्ताव भी शामिल है।नगर के 12 तालाबों के नामकरण को मंजूरी दी गई है। महात्मा गांधी कॉलेज के पीछे स्थित तालाब को महर्षि वाल्मीकि सरोवर, अमौधा तालाब को महर्षि गौतम बुद्ध सरोवर और विट्स कॉलेज तालाब को महर्षि वेद व्यास सरोवर नाम दिया जाएगा।
केशव माधव गौशाला के पीछे के तालाब का नाम केशव माधव सरोवर और संतोषी माता मंदिर तालाब का नाम संतोषी माता सरोवर होगा।जोन कार्यालय के समीप का तालाब महर्षि वशिष्ठ सरोवर, संत कुंज आश्रम के सामने का तालाब श्री शिव सरोवर और गल्ला मंडी रोड का तालाब महर्षि कश्यप सरोवर कहलाएगा। रजहा तालाब को महर्षि विश्वामित्र सरोवर, ट्रांसपोर्ट नगर तालाब को महर्षि अगस्त्य सरोवर, नारायण तालाब को श्री झूलेलाल सरोवर और जालपा देवी के पास स्थित तालाब को मां जालपा देवी सरोवर नाम देने की मंजूरी दी गई। इसके साथ ही जल संयत्रों का संचालन और संधारण का काम कर रहे ठेकेदार को टर्मिनेट करने के बाद एक बाद फिर नगर निगम ने इसे ठेके पर देने की तैयारी में है।
स्टेडियम और बस्ती की बदलेगी पहचान
बैठक में शहर के कई अन्य स्थानों के नाम बदलने की भी अनुशंसा की गई। नगर निगम अध्यक्ष एवं स्पीकर राजेश चतुर्वेदी के अनुरोध पर वार्ड क्रमांक 31 की महदेवा स्थित धवारी गली नंबर 4 का नाम पूर्व विधायक स्व. रामप्रताप सिंह के नाम पर स्व. रामप्रताप सिंह मार्ग रखने की अनुशंसा की गई। धवारी क्रिकेट स्टेडियम का नाम शंकर प्रसाद ताम्रकार क्रिकेट स्टेडियम रखने की अनुशंसा सर्वसम्मति से हुई। वार्ड क्रमांक 12 की टपरिया बस्ती का नाम भगवान बिरसा मुंडा बस्ती करने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से अनुशंसित किया गया।
रामानंद सिंह के नाम होगा सिंधी कैंप गेट
कुर्मी क्षत्रिय समाज के अनुरोध पर सिंधी कैंप गेट से गेलानी हार्डवेयर तक के मार्ग का नाम पूर्व सांसद स्व. रामानंद सिंह के नाम पर रामानंद सिंह मार्ग रखने और वार्ड क्रमांक 26 में राजेंद्र नगर गली नंबर 9, बसंत विहार कॉलोनी के समीप बने प्रवेश द्वार का नाम चंद्रशेखर आजाद द्वार रखने की भी अनुशंसा की गई।
