
बैहर, जिले के बिरसा विकासखंड के ग्राम कुंडेकसा, अडोरी, कोरका एवं बांदरी में स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और मौसमी बीमारियों को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर उपचार एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। सर्दी-खांसी, बुखार, चर्मरोग, मीजलस, स्कैबीज एवं मलेरिया जैसी बीमारियों से प्रभावित बच्चों का अस्पतालों में उपचार किया जा रहा है। 10 सितंबर 2026 तक इन ग्रामों में कुल 6342 व्यक्तियों की जांच की गई है। प्रभावित क्षेत्र में स्थिति तेजी से सामान्य हो रही है और अब कम संख्या में मरीज भर्ती होने के लिए अस्पताल लाये जा रहे है। अस्पताल में भर्ती सभी मरीजों की स्थिति खतरे से बाहर है और उन्हें एहतियात के तौर पर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सर्वे के दौरान 443 मलेरिया रोगी, 190 दस्त से पीड़ित, 288 दाने के साथ बुखार से पीड़ित तथा 228 चर्म रोग से प्रभावित मरीज पाए गए। इस प्रकार कुल 1149 मरीजों का चिन्हांकन किया गया है। इनमें से 663 मरीजों का घर पर ही उपचार किया गया, जबकि 486 मरीजों को अस्पताल में भर्ती कर उपचार प्रदान किया गया है। उपचार के बाद अब तक 446 मरीज स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज किए जा चुके हैं तथा 40 मरीजों का उपचार जारी है। वहीं, 10 सितंबर को 08 मरीजों को अस्पताल में भर्ती किया गया, जबकि 16 मरीजों को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया गया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा उक्त ग्रामों में 20 सर्वेक्षण टीमों के माध्यम से घर-घर जाकर स्वास्थ्य परीक्षण किया जा रहा है। इसके अलावा 6 पीएम जनमन एएमएमयू, बीमार व्यक्तियों की जांच के लिए 18 चिकित्सा अधिकारी तथा मरीजों को अस्पताल पहुंचाने के लिए 4 एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है।
सर्वेक्षण के दौरान 973 बच्चों को विटामिन-ए की खुराक, ओआरएस एवं जिंक टेबलेट का वितरण किया गया। वहीं 898 बच्चों को आयरन सिरप प्रदान किया गया तथा 865 बच्चों को एल्बेंडाजोल की टेबलेट खिलाई गई। टीकाकरण अभियान के तहत आज 27 सत्रों में कुल 876 बच्चों का टीकाकरण किया गया। वहीं अब तक कुल 458 सत्रों में 20,838 बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है।
मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है। आज 50 ग्रामों के 5,345 मकानों में कीटनाशक का छिड़काव किया गया, जबकि 44 ग्रामों के 8,610 घरों में इनडोर एवं आउटडोर फॉगिंग कराई गई। स्वास्थ्य विभाग की टीमें ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार निगरानी करते हुए आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही हैं।
