बेंगलुरु, 10 सितंबर (वार्ता) गत चैंपियन अल्पाइन एपीएल पाइपर्स ने दिन के अपने शुरुआती मुकाबले में हार के बाद शानदार वापसी करते हुए पीबीजी अलास्कन नाइट्स को 11-6 से हराया और गुरुवार को बेंगलुरु में जारी टेक महिंद्रा और फिडे की संयुक्त पहल ग्लोबल चेस लीग (जीसीएल) में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।
हालांकि, दिन के आखिरी मुकाबले में गैंजेस ग्रैंडमास्टर्स और एफवाईईआरएस अमेरिकन गैम्बिट्स के बीच होने वाले मैच के बाद शीर्ष स्थान पाइपर्स से छिन सकता है। गैंजेस ग्रैंडमास्टर्स ने दिन की शुरुआत पाइपर्स के खिलाफ काले मोहरों से खेलते हुए 12-4 की शानदार जीत के साथ की, जबकि चेक़ मुंबई मास्टर्स ने त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स को 14-5 से हराकर फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को जीवित रखा।
गैंजेस ग्रैंडमास्टर्स और अल्पाइन एपीएल पाइपर्स दोनों को गुरुवार को दो-दो मुकाबले खेलने थे, ऐसे में दोनों टीमों के बीच शुरुआती भिड़ंत बेहद महत्वपूर्ण थी और इसने पूरे दिन के मुकाबलों का रुख तय कर दिया। गैंजेस ग्रैंडमास्टर्स ने यह साबित किया कि इस साल उसे खिताब के मजबूत दावेदारों में क्यों गिना जा रहा है। टीम ने पाइपर्स को एक भी गेम गंवाए बिना 12-4 से मात दी।
स्तावरोउला त्सोलाकिदू ने ग्रैंडमास्टर्स की जीत की शुरुआत करते हुए कोनेरू हम्पी को टूर्नामेंट की दूसरी हार थमाई। सुपरस्टार पुरुष बोर्ड पर दो बार के विश्व कप विजेता लेवोन अरोनियन ने अंतिम चरण में अतिरिक्त घोड़े का बेहतरीन इस्तेमाल करते हुए अनिश गिरी को 61 चालों में हराकर बाजी पलट दी।
हालांकि, पाइपर्स ने इस हार के तुरंत बाद शानदार वापसी की। विश्व नंबर एक मैग्नस कार्लसन ने सफेद मोहरों से खेलते हुए विश्वनाथन आनंद को कोई मौका नहीं दिया। इसके बाद कोनेरू हम्पी ने टूर्नामेंट की अपनी चौथी जीत दर्ज की और नीनो बत्सियाश्विली को सीजन-4 की पहली हार का सामना कराया।
इसके बाद प्रोडिजी बोर्ड पर वोलोदार मुर्जिन ने टाइम स्क्रैम्बल में अभिमन्यु मिश्रा को हराकर पाइपर्स की जीत सुनिश्चित कर दी। अलास्कन नाइट्स के लिए केवल 15 वर्षीय यागिज काआन एर्दोगमुस ही काले मोहरों से जीत दर्ज कर चार अंक हासिल कर सके। सुपरस्टार पुरुष बोर्ड पर विदित गुजराती समय समाप्त होने के कारण हार गए।
दिन के दूसरे मुकाबले में चेक़ मुंबई मास्टर्स ने त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स पर शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को बरकरार रखा। काले मोहरों से खेलते हुए मुंबई मास्टर्स ने छह में से तीन मुकाबले जीते। त्रिवेणी कॉन्टिनेंटल किंग्स के लिए एकमात्र जीत एलेक्जेंड्रा कोस्टेनियुक ने दर्ज की। आइकन बोर्ड पर मैक्सिम वाशियर-लाग्रेव ने अलीरेजा फिरोजा को मात दी, जबकि सुपरस्टार पुरुष बोर्ड पर शाखरियार मामेदयारोव ने अरविंद चित्रंबरम को हराया।
प्रोडिजी बोर्ड पर बरदिया दानेशवर की जीत के साथ मुंबई मास्टर्स ने आठ मैचों में चार जीत के साथ अपने गेम-पॉइंट्स की संख्या 73 कर ली है।
