
देवसर । जियावन थाना क्षेत्र के ग्राम अकौरी में गाय को लेकर शुरू हुआ विवाद उस समय बढ़ गया, जब ग्राम पंचायत जियावन की महिला सरपंच पप्पू देवी साकेत ने परिवार के कुछ लोगों पर गाली-गलौज और मारपीट करने का आरोप लगाया। सरपंच के मुताबिक विवाद के दौरान उन्हें पीसीसी सड़क पर पटक दिया गया, जिससे उन्हें चोटें आई हैं। उन्होंने जियावन पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
सरपंच के अनुसार वह अपनी गाय को लेकर जा रही थीं। इसी दौरान राकेश साकेत, राजेश साकेत, भारत लाल साकेत पिता भैया लाल साकेत, बसंती साकेत सहित अन्य लोगों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि गाय द्वारा गोबर करने और उसे तेजी से नहीं ले जाने की बात पर कहासुनी शुरू हुई। इसके बाद कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की गई और सड़क पर पटक दिया गया। वहीं सरपंच ने बताया कि उन्होंने घटना की जानकारी पति महादेव साकेत को दी। मौके पर पहुंचे पति के साथ भी कथित रूप से मारपीट और अभद्रता की गई। बाद में लोगों के बीच-बचाव से मामला शांत हुआ। इधर घटना को लेकर सरपंच ने पुलिस से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि मामले की वास्तविक स्थिति पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
