इंदौर:देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में विदेशी छात्रों की संख्या लगातार बढ़ रही है. विभिन्न देशों से आने वाले छात्र यहां उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए आकर्षित हो रहे हैं. यहां अनुकूल रहने और खान-पान की सुविधाएं पर्याप्त रूप से उपलब्ध हो. इसे ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है.विश्वविद्यालय के बजट के दौरान विशेष रूप से तक्षशिला परिसर में नए हॉस्टल के निर्माण की योजना बनाई गई है.
इस हॉस्टल का उद्देश्य विदेशी छात्रों को उनके देश जैसा वातावरण प्रदान करना है, ताकि वे यहां पढ़ाई के साथ-साथ सहज और सुरक्षित जीवन भी जी सकें. विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार प्रज्वल खरे ने बताया कि इस परियोजना को जल्द ही कार्य रूप में लाया जाएगा. नए हॉस्टल में आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ खान-पान और रहन-सहन की ऐसी व्यवस्थाएं की जाएंगी, जो अंतरराष्ट्रीय छात्रों की जरूरतों के अनुरूप हों. इस पहल से न केवल विदेशी छात्रों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि विश्वविद्यालय की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान भी मजबूत होगी.
