रीवा:प्रशासनिक नवाचार के तहत ई आफिस व्यवस्था लागू की गई है. अब कार्यालयों के अंदर तथा अन्य कार्यालयों में फाइलों का संचालन ऑनलाइन माध्यम से हो रहा है. ई आफिस व्यवस्था को प्रभावी रूप से लागू करके रीवा संभाग में संभागीय रैंकिंग में अक्टूबर माह से लगातार प्रदेश में प्रथम स्थान पर बना हुआ है. इस संबंध में कमिश्नर बीएस जामोद ने बताया कि रीवा संभाग में कुल 21019 फाइलें ई आफिस में क्रिएट की गईं तथा 80631 फाइलों का मूवमेंट हुआ.
प्रदेश में दूसरे स्थान पर नर्मदापुरम संभाग है, जिसमें 6397 फाइलों का क्रिएशन तथा 52058 फाइलों का मूवमेंट हुआ है. तीसरे स्थान पर ग्वालियर संभाग है. इसमें 3432 फाइलों का क्रिएशन तथा 36951 फाइलों का मूवमेंट हुआ है. कमिश्नर ने बताया कि प्रदेश स्तर में संभाग और जिलों की सामूहिक रैंकिंग में सभी जिले और संभाग शामिल किए गए हैं. इनकी कुल संख्या 65 है. इस रैंकिंग में रीवा जिला 12वें स्थान पर है. रीवा जिले में 9447 फाइलें क्रिएट हुई हैं तथा 62237 फाइलों का मूवमेंट हुआ है. रैंकिंग में सिंगरौली जिला 42वें, मऊगंज जिला 52वें, सतना जिला 48वें, सीधी जिला 44वें तथा मैहर जिला 50वें स्थान पर है.
