बड़े भाई ने ही साथियों के साथ मिलकर की थी छोटे भाई की हत्या

दतिया: संदिग्ध मृत्यु की गुत्थी का थाना भांडेर पुलिस ने मात्र 4 दिन में खुलासा किया है। बड़े भाई ने साथियों के साथ मिलकर छोटे भाई की हत्या की थी। एक आरोपी गिरफ्तार कर लिया है, पांच फरार हैं।पुलिस अधीक्षक दतिया के निर्देशन में,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं एसडीओपी भाण्डेर के मार्गदर्शन में थाना भाण्डेर पुलिस द्वारा संदिग्ध मृत्यु के प्रकरण में त्वरित एवं सूक्ष्म विवेचना करते हुए मात्र 04 दिवस में हत्या की घटना का सफल खुलासा किया गया है। डायल-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम अजीतपुरा, थाना भाण्डेर क्षेत्रांतर्गत नदी में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है।

सूचना पर थाना भाण्डेर पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची तथा शव को नदी से निकलवाकर आवश्यक कार्यवाही उपरांत अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवाया गया। मृतक के बड़े भाई मनोज यादव पिता वीरसिंह यादव निवासी ग्राम अजीतपुरा द्वारा मर्ग क्रमांक 22/2026 धारा 194 बीएनएसएस कायम कराया गया। रिपोर्ट के अनुसार मृतक विनोद यादव उर्फ खुशी यादव उम्र 38 वर्ष निवासी ग्राम अजीतपुरा दिनांक दूध देने हेतु मोटरसाइकिल से भाण्डेर गया था, जो वापस घर नहीं लौटा। बाद में उसकी मोटरसाइकिल खेत में खड़ी मिली तथा समीप स्थित नदी में उसका शव पाया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में परिजनों द्वारा किसी प्रकार की शंका व्यक्त नहीं की गई, किन्तु घटना की परिस्थितियाँ संदिग्ध प्रतीत होने पर पुलिस द्वारा तकनीकी एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर गहन विवेचना की गई। विवेचना के दौरान प्राप्त तथ्यों से यह सामने आया कि मृतक का अपने परिजनों से जमीन एवं पारिवारिक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था।
जांच में पता चला कि आरोपी मनोज यादव ने अपने साथियों करण यादव, रवि यादव, राहुल यादव, गुलशन यादव एवं आकाश दोहरे के साथ मिलकर षड्यंत्रपूर्वक घटना को अंजाम दिया। आरोपियों ने मृतक को अपने साथ कार में बैठाकर घुमाया, शराब पिलाई तथा अधिक नशे की अवस्था में उसे नदी के पानी में डुबोकर हत्या कर दी, जिससे घटना दुर्घटनावश डूबने से मृत्यु प्रतीत हो।
साक्ष्यों के आधार पर थाना भाण्डेर में अपराध क्रमांक 99/2026 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। आरोपी मनोज यादव पिता वीरसिंह यादव उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम अजीतपुरा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर लिया गया है। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु लगातार दबिश दी जा रही है।

Next Post

क्यू यूनिवर्स ने दो साल में राजस्व 100 करोड़ रुपये करने का लक्ष्य रखा

Tue Jun 9 , 2026
नयी दिल्ली, 09 जून (वार्ता) फैशन आईवियर और लाइफस्टाइल ब्रांड क्यू यूनिवर्स ने अगले दो साल में 100 करोड़ रुपये के राजस्व का लक्ष्य रखा है। कंपनी ने मंगलवार को अपनी विस्तार योजना की घोषणा करते हुए कहा कि भारतीय फैशन उद्योग इस समय एक महत्वपूर्ण बदलाव के दौर से […]

You May Like