एसपी ने साढे तीन घंटे बंद कक्ष में ली बैठक,लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के दिए कड़क निर्देश

दमोह.पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस) द्वारा शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम दमोह में जिले के समस्त थाना/चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले के विभिन्न थानों में लंबित अपराध, मर्ग, शिकायतों व गुम इंसान संबंधी प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की गई.बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस) ने प्रत्येक थाना प्रभारी से उनके थाना क्षेत्र के लंबित प्रकरणों की जानकारी प्राप्त कर उनके निराकरण की प्रगति की समीक्षा की. उन्होंने लंबित अपराधों के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना कर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने, लंबित मर्ग प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने तथा शिकायतों का समय-सीमा में निष्पादन करने के निर्देश दिए.

पुलिस अधीक्षक श्री कलादगि ने सीएम हेल्पलाइन से संबंधित शिकायतों पर व उनके त्वरित निराकरण करने के संबंध में ,थाना में सीसीटीएनएस साफ्टवेयर में नियमित एवं सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ कार्य संपादित करने,तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने तथा संबंधित प्रकरणों में नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए. उन्होंने कहा कि आमजन की शिकायतों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ निराकरण किया जाए ताकि नागरिकों का पुलिस पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके.बैठक में अपराध नियंत्रण, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी, स्थायी वारंट व गिरफ्तारी वारंटों की तामीली, निगरानी बदमाशों पर प्रभावी कार्रवाई, राहवीर योजना के विषय में तथा कानून-व्यवस्था संबंधी विषयों पर चर्चा की गई. सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने थाना क्षेत्रों में सतत निगरानी रखे,गम्भीर अपराधों में थाना प्रभारी व एसडीओपी तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्यवाही करे.रात्रि गश्त नियमित रूप से लगाई जाए, संपत्ति संबंधी अपराधों में पतारसी व बरामदगी हेतु निरंतर प्रयास करने के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए.

इसके अतिरिक्त अवैध शराब, जुआ, सट्टा, मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियार रखने वालो व अन्य असामाजिक तत्वों के विरुद्ध निरंतर अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए. थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों, निगरानी बदमाशों व आदतन अपराधियों पर सतत निगरानी रखने तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया.पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम, लंबित प्रकरणों के निराकरण व आमजन को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता व जिम्मेदारी के साथ कार्य करें.

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया व समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारी सीएसपी एचआर पांडे, एसडीओपी पथरिया प्रिया सिंधी, एसडीओपी हटा सौरभ त्रिपाठी, तेंदूखेड़ा अर्चना अहीर व जिले के सभी थाना /चौकी प्रभारियों की उपस्थिति रही.

Next Post

मुख्य आरोपित फरार, गुर्गों का निकला जुलूस

Fri Jun 12 , 2026
जबलपुर। माढ़ोताल थाना अंतर्गत करमेता बस्ती में बुधवार को एक लाख की रंगदारी न देने पर प्रॉपर्टी डीलर के घर में बमबाजी के मामले में मुख्य आरोपित अब भी पुलिस गिरफ्त से दूूर है जबकि दो गुर्गे पुलिस के हत्थे चढ़ गए जिसके बाद पुलिस ने गिरफ्तारी दर्ज करने के […]

You May Like