बुजुर्ग पर 15 मिनट तक पागल कुत्ता करता रहा हमला, राहगीरों ने बचाया

जबलपुर: गढ़ा क्षेत्र में एक पागल कुत्ते के आतंक ने लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। देवताल गढ़ा निवासी 70 वर्षीय जुगल किशोर सोनी पर एक कुत्ते ने अचानक हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि कुत्ता करीब 15 मिनट तक वृद्ध पर हमला करता रहा, जिससे वे बुरी तरह लहुलुहान हो गए।
जानकारी के अनुसार, जुगल किशोर सोनी पिता स्वर्गीय हीरालाल सोनी रविवार शाम करीब साढ़े पांच बजे त्रिपुरी चौक से पैदल अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे चौहानी मुक्तिधाम के गेट के सामने पहुंचे, तभी अचानक पीछे से आए एक कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया। हमले के कारण वे सड़क पर गिर पड़े और संभलने से पहले ही कुत्ते ने उनके माथे, बाएं हाथ और कमर पर कई जगह काट लिया।
राहगीरों ने बचाई जान
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जुगल किशोर कुत्ते से बचने के लिए लगातार संघर्ष करते रहे, लेकिन कुत्ता लगातार हमला करता रहा। करीब 15 मिनट बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने किसी तरह कुत्ते को भगाकर वृद्ध को बचाया और घटना की सूचना परिजनों को दी।
निजी अस्पताल में कराया उपचार
घायल वृद्ध को परिजन तत्काल पुरवा स्थित एक निजी क्लीनिक लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के साथ उन्हें टिटनेस और रैबीज के इंजेक्शन लगाए गए। जुगल किशोर के भाई अशोक सोनी ने बताया कि उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।
दो-तीन अन्य लोगों को भी काटने की सूचना
त्रिपुरी चौक में चाय-नाश्ते की दुकान संचालित करने वाले आनंद कोष्टा ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे भी इसी कुत्ते ने दो से तीन लोगों को काटा था और इसके बाद वह चौहानी की तरफ भाग गया था।
क्षेत्र में फैली दहशत, कार्रवाई की मांग
लगातार हमलों की घटनाओं के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम और संबंधित विभाग से मांग की है कि पागल कुत्ते को जल्द पकड़ा जाए, ताकि कोई और हादसा न हो।

Next Post

टैंकर के कुचलने से मौत

Mon May 25 , 2026
जबलपुर:भेड़ाघाट थानानतर्गत सहजपुर ब्रिज के समीप टैंकर क्रमांक आरजे 09 जीई 6473 के चालक ने मोटर साइकल सवार युवक मनोज कुमार को टक्कर मारकर कुचल दिया. हादसे में मनोज के शरीर पर गंभीर चोटें आई,जिसे उपचार के लिए शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया. जहां पर डाक्टरों ने जांच के बाद मृत […]

You May Like