इंदौर: विजयनगर थाना क्षेत्र में एक कलयुगी बेटे ने अपनी ही मां के घर का ताला तोड़कर नकदी, जेवरात और जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए। मां जब शादी समारोह से वापस लौटी, तो घर का नजारा देख दंग रह गई। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी बेटे के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।पुलिस के अनुसार, फरियादी लक्ष्मीबाई पति नारायण खोजे (65) निवासी शीतल नगर ने अपने बेटे के खिलाफ चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। लक्ष्मीबाई ने बताया कि वह एक शादी समारोह में शामिल होने गई थीं। जब वे 28 अप्रैल की शाम करीब 7:00 बजे घर वापस लौटीं, तो देखा कि घर के मुख्य गेट का लॉक खुला हुआ था।
जब वे अंदर कमरे में गईं, तो देखा कि गोदरेज की अलमारी में चाबी पहले से ही लटकी हुई थी। संदेह होने पर उन्होंने अलमारी के दराज खोलकर देखे, तो उनके होश उड़ गए। दराज में रखे 65,000 रुपये नगद, सोने के पुराने इस्तेमाली आभूषण और चांदी के जेवरात गायब थे।हैरानी की बात यह है कि आरोपी बेटा न केवल नकदी और जेवर ले गया, बल्कि अपनी बहन रेणुका के पढ़ाई संबंधी महत्वपूर्ण कागजात और उसके बच्चों के शैक्षणिक दस्तावेज भी चोरी कर ले गया। लक्ष्मीबाई के अनुसार, उनके दो बेटे जितेंद्र और राकेश घर पर ही थे, लेकिन जितेंद्र खोजे ने ही इस वारदात को अंजाम दिया और ताला तोड़कर सारा सामान समेट कर भाग निकला।विजयनगर पुलिस ने लक्ष्मीबाई की शिकायत पर आरोपी बेटे जितेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
