फुटेरा कला के साप्ताहिक बाजार में साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान, ऑनलाइन ठगी से बचाव के बताए उपाय

बटियागढ़/दमोह। मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा संचालित साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत शुक्रवार को बटियागढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम फुटेरा कला के साप्ताहिक बाजार में साइबर जागरूकता रथ पहुंचा। इस दौरान बाजार में मौजूद ग्रामीणों, व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं व विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।अभियान के दौरान चौकी प्रभारी आनंद कुमार अहिरवार एवं पुलिस स्टाफ ने लोगों को बताया कि वर्तमान समय में साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। ठग फोन कॉल, व्हाट्सएप, सोशल मीडिया, फर्जी लिंक, ऑनलाइन लोन, केवाईसी अपडेट, बैंक अधिकारी बनकर कॉल करने, लॉटरी, नौकरी एवं निवेश के नाम पर लोगों को अपने जाल में फंसाने का प्रयास करते हैं। ऐसे मामलों में किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएं और अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी के साथ साझा न करें।पुलिस ने लोगों को विशेष रूप से समझाया कि बैंक कभी भी फोन पर ओटीपी, एटीएम कार्ड नंबर, सीवीवी, यूपीआई पिन या पासवर्ड नहीं मांगता। यदि कोई व्यक्ति इस प्रकार की जानकारी मांगता है तो वह साइबर ठग हो सकता है। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अनजान मोबाइल एप डाउनलोड करने से भी बचें।जागरूकता रथ के माध्यम से डिजिटल स्क्रीन, ऑडियो संदेश एवं पंपलेट के जरिए साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई। लोगों को बताया गया कि यदि वे किसी भी प्रकार की ऑनलाइन ठगी का शिकार होते हैं तो बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा राष्ट्रीय साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर नुकसान को कम किया जा सके।

चौकी प्रभारी आनंद कुमार अहिरवार ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक रहें और अपने परिवार, रिश्तेदारों तथा आसपास के लोगों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी सतर्कता और सही जानकारी से अधिकांश साइबर अपराधों से बचा जा सकता है।अभियान के दौरान बाजार में उपस्थित लोगों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधिकारियों ने सरल भाषा में समाधान किया। इस अवसर पर चौकी प्रभारी आनंद कुमार अहिरवार सहित चौकी का समस्त पुलिस स्टाफ उपस्थित रही।

Next Post

खून से लथपथ कलेक्ट्रेट पहुंचे पीडि़त, अधिकारियों के उड़े होश; जमीन विवाद में हिंसक हमला, राजस्व अमले के सामने बरसी लाठियां

Fri Jul 3 , 2026
नीमच। जिले की नीमच तहसील के ग्राम अड़मालिया में शुक्रवार को जमीन विवाद उस समय हिंसक संघर्ष में बदल गया, जब राजस्व विभाग की टीम नक्शा दुरुस्ती की कार्रवाई कर रही थी। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान दो पक्षों में विवाद बढ़ गया और एक पक्ष ने लाठी-डंडों से […]

You May Like