
नीमच। जिले की नीमच तहसील के ग्राम अड़मालिया में शुक्रवार को जमीन विवाद उस समय हिंसक संघर्ष में बदल गया, जब राजस्व विभाग की टीम नक्शा दुरुस्ती की कार्रवाई कर रही थी। आरोप है कि कार्रवाई के दौरान दो पक्षों में विवाद बढ़ गया और एक पक्ष ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में एक ही परिवार के पांच लोग घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि गंभीर रूप से घायल लोग इलाज के लिए सीधे अस्पताल नहीं पहुंचे, बल्कि खून से लथपथ हालत में न्याय की गुहार लगाने जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंच गए। कलेक्ट्रेट परिसर में घायल लोगों को इस हालत में देखकर अधिकारियों, कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों में हडक़ंप मच गया। पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायल पक्ष के अनुसार राजस्व विभाग की टीम गिरदावर, पटवारी और चौकीदार के साथ गांव में नक्शा दुरुस्ती की कार्रवाई के लिए पहुंची थी। इसी दौरान पड़ोसी खेत के निलेश, गजेंद्र, रमेश तथा उनके परिवार के अन्य सदस्य मौके पर आ गए। आरोप है कि कहासुनी के बाद राजस्व अमले की मौजूदगी में ही लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया।
हमले में जगदीशदास पिता रामदास, बालकदास पिता जगदीशदास और धानसुख पिता बालकदास गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्यों को भी चोटें आई हैं। पीडि़तों का आरोप है कि उनके साथ जानलेवा हमला किया गया।
कलेक्टर कार्यालय में सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस के पायलट रशेंद्र पटीदार और ईएमटी प्रतिमा लोकेश ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया और बाद में जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
घायल पक्ष ने पड़ोसी खेत के निलेश, गजेंद्र, रमेश सहित अन्य लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और नक्शा दुरुस्ती के दौरान यह विवाद हिंसक रूप ले बैठा। इधर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर सक्रिय हो गई।
