इंदौर:द्वारकापुरी क्षेत्र में युवती की आत्महत्या के मामले में बहन और मुंह बोले जीजा को लेकर प्रेमी के शक और लगातार विवाद सामने आने पर पुलिस ने 10 महीने बाद मोबाइल चैटिंग व परिवार के बयानों के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है.थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि 14 मई 2025 को विदुर नगर निवासी स्वाति सोलंकी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी.
वह वैष्णो कॉलेज से मैनेजमेंट में मास्टर्स की पढ़ाई कर रही थी. मृतका के पिता गजानंद सोलंकी ने पुलिस को की शिकायत में बताया कि स्वाति का लोकेश चौहान के साथ करीब 5 साल से प्रेम संबंध था. दोनों द्वारकापुरी क्षेत्र में किराए के कमरे में मिलते थे, जहां स्वाति सिलाई का काम भी करती थी. परिवार ने इंटरकास्ट मैरिज का विरोध किया था, लेकिन स्वाति उसी से शादी करने की जिद पर अड़ी थी. आरोप है कि लोकेश स्वाति पर लगातार शक करता था और उसके घर आने वाले मुंह बोले जीजा व बहन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करता था.
इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होते थे और वह स्वाति को पारिवारिक कार्यक्रमों में जाने से भी रोकता था. जांच में सामने आया कि 12 मई को जन्मदिन के दिन भी इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ था. पुलिस को मोबाइल से मिली चैटिंग में भी शक और विवाद से जुड़े कई मैसेज मिले हैं, जिससे युवती मानसिक रूप से परेशान थी. द्वारकापुरी पुलिस ने आरोपी लोकेश चौहान के खिलाफ प्रताड़ना और आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है.
