सीबीआई ने पशुपालन विभाग का अधिकारी बनकर रिश्वत मांगने के आरोप में एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार

नयी दिल्ली, 19 जुलाई (वार्ता) केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) ने रविवार को एक व्यक्ति को गिरफ़्तार किया जिस पर आरोप है कि उसने नयी दिल्ली के कृषि भवन स्थित पशुपालन और डेयरी विभाग का अधिकारी बनकर ऋण के लिए आवेदन देने वालों से कर्ज मंज़ूरी दिलाने के नाम पर रिश्वत मांगी थी।

अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला सीबीआई की देहरादून स्थित भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो (एसीबी) ने 29 जून को दर्ज किया था। आरोप है कि आरोपी ने खुद को पशुपालन एवं डेयरी विभाग का अधिकारी बताकर शिकायतकर्ता से 45,000 रुपये की रिश्वत मांगी थी। यह रकम 22,50,000 रुपये के कर्ज का दो प्रतिशत थी। शिकायतकर्ता उत्तराखंड के एक गांव में पोल्ट्री फ़ार्म चलाता है और उसने ‘उद्यमी मित्र’ (एसआईडीबीआई) पोर्टल के ज़रिए ‘पशुपालन अवसंरचना विकास निधि ‘ (एएचआईडीएफ) से कर्ज के लिए आवेदन किया था।

जांच एजेंसी ने 29 जून को जाल बिछाया और आरोपी ने उसी दिन शिकायतकर्ता के मोबाइल फोन पर क्यूआर कोड भेजकर उनसे पहली किश्त के तौर पर 5,000 रुपये की रिश्वत ली। क्यूआर कोड और बैंक खाता की जानकारी के आधार पर, सीबीआई ने 30 जून को आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया, लेकिन पूछताछ के दौरान पता चला कि वह मुख्य आरोपी नहीं हैं। जांच के दौरान अधिकारियों को पता चला कि मुख्य आरोपी के पास ऋण के लिए आवेदन कर्ताओं और एएचआईडीएफ के आवेदनों की जानकारी थी। वह बड़ी संख्या में आवेदकों को कॉल करता था और आवेदन खारिज नहीं होने देने के बदले रिश्वत मांगता था। खुद को एएचआईडीएफ का अधिकारी बताकर और ऋण आवेदन की जानकारी का ज़िक्र करके वह रोज़ाना कई आवेदकों से पैसे वसूल रहा था। आरोपी क्यूआर कोड के ज़रिए दूसरे आवेदकों के बैंक अकाउंट में यूपीआई पेमेंट के माध्यम से पैसे ले रहा था और फिर उन्हें यूपीआई हस्तांतरण के ज़रिए किसी और के बैंक खाते में भेज रहा था।

सीबीआई की टीम ने फ़रार आरोपी का पता लगाने के लिए दिल्ली, आगरा और आस-पास के इलाकों में अपनी कोशिशें जारी रखीं। आखिरकार, सूत्रों और डिजिटल सर्विलांस से पता चला कि आरोपी अलग-अलग मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल करके पैसे की मांग कर रहा था और आगरा, जयपुर, दिल्ली जैसी जगहों पर बार-बार अपनी लोकेशन बदल रहा था। रविवार को पता चला कि आरोपी उत्तर प्रदेश के आगरा ज़िले के फतेहाबाद में स्थित अपने गांव छोटा पूठा बिसराना लौट आया है, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि उसे उत्तराखंड के देहरादून में अदालत के सामने पेश किया जाएगा।

 

 

 

 

 

Next Post

छात्रों के प्रदर्शन की सूचना मिलते ही झिरिया छात्रावास पहुंचे कलेक्टर

Sun Jul 19 , 2026
रीवा, रीवा शहर के झिरिया स्थित छात्रावास के छात्रों द्वारा मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर कलेक्टर आवास का घेराव करने की सूचना मिलने पर कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी स्वयं छात्रावास पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण कर छात्रों से सीधे संवाद किया. निरीक्षण के दौरान छात्रों ने […]

You May Like