
भोपाल। रेलवे के किराए में मंगलवार से बढ़ोत्तरी की जा रही है. यात्री सेवाओं की किराया संरचना को सुव्यवस्थित करने और वित्तीय रूप से अधिक टिकाऊ बनाने के उद्देश्य से यहा निर्णय लिया गया है. रेल मंत्रालय द्वारा 1 जुलाई से यात्री गाड़ियों की मूल किराया दरों का युक्तिकरण किया गया है. संशोधित किराए भारतीय रेलवे सम्मेलन संघ द्वारा जारी अद्यतन यात्री किराया तालिका पर आधारित हैं.
शहरी (सबअर्बन) एकल यात्रा किराए और सीजन टिकट (शहरी व गैर-शहरी दोनों) में कोई बदलाव नहीं किया गया है. साधारण गैर-एसी श्रेणी (गैर-शहरी गाड़ियाँ) द्वितीय श्रेणी में किराया प्रति कि.मी. आधा पैसा बढ़ाया गया है, जिसमें शर्तों के साथ —500 कि.मी. तक कोई वृद्धि नहीं, 501 से 1500 कि.मी. तक ₹5 की वृद्धि, 1501 से 2500 कि.मी. तक ₹10 की वृद्धि, 2501 से 3000 कि.मी. तक ₹15 की वृद्धि, स्लीपर श्रेणी में किराया प्रति कि.मी. 0.5 पैसा बढ़ाया गया है, प्रथम श्रेणी में किराया प्रति कि.मी. 0.5 पैसा बढ़ाया गया है. इसके साथ ही मेल और एक्सप्रेस (गैर-एसी) के द्वितीय श्रेणी में प्रति कि.मी. 1 पैसा वृद्धि, स्लीपर श्रेणी में प्रति कि.मी. 1 पैसा वृद्धि, प्रथम श्रेणी में प्रति कि.मी. 1 पैसा वृद्धि की गई है.
