वरुण टंडन की शॉर्ट फिल्म ‘थर्सडे स्पेशल’ को शूजित सरकार और विक्रमादित्य मोटवानी प्रस्तुत करेंगे

नयी दिल्ली, 20 जनवरी (वार्ता) फिल्मकार शूजित सरकार और विक्रमादित्य मोटवानी, वरुण टंडन की शॉर्ट फिल्म ‘थर्सडे स्पेशल’ को प्रस्तुत करने के लिए आगे आए हैं। प्रेम, साथ और बदलाव की कोमल कहानी कहने वाली इस फिल्म को दोनों दिग्गज निर्देशकों का समर्थन मिला है। प्रेस नोट के अनुसार, ‘थर्सडे स्पेशल’ में अनुभा फतेहपुरिया और रमाकांत दयामा मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म की कहानी राम और शकुंतला नामक एक बुज़ुर्ग दंपति के इर्द-गिर्द घूमती है, जिन्हें वर्षों का वैवाहिक जीवन, खाने के प्रति साझा प्रेम और हर गुरुवार की एक खास रस्म आपस में जोड़ती है। ‘पीकू’, ‘विकी डोनर’ और ‘अक्टूबर’ जैसी फिल्मों के निर्देशक शूजित सरकार ने फिल्म की सादगी और संवेदनशील कहानी की सराहना की। उन्होंने कहा, “थर्सडे स्पेशल ने अपनी सरलता और सौम्य कहानी कहने के अंदाज़ से मुझे गहराई से प्रभावित किया। वरुण ने साथ, उम्र बढ़ने और प्रेम को बहुत ही परिपक्व और भावनात्मक तरीके से दिखाया है। यह विवाह और मध्य आयु के रिश्तों पर एक नाज़ुक लेकिन प्रभावशाली दृष्टि है, जो खासतौर पर एक युवा फिल्मकार के लिए प्रशंसनीय है।” सरकार ने इस फिल्म की तुलना अपनी अप्रदर्शित फिल्म

‘शू बाइट’ से भी की, जिसमें अमिताभ बच्चन ने अभिनय किया था। समकालीन भारतीय सिनेमा को नयी पहचान देने वाले विक्रमादित्य मोटवानी ने कहा कि फिल्म में उन ज़िंदगियों को केंद्र में रखा गया है, जिन्हें आमतौर पर पर्दे पर जगह नहीं मिलती। उन्होंने कहा, “थर्सडे स्पेशल देखते समय मुझे यह अहसास हुआ कि हम मानवीय कहानियां तो कहते हैं, लेकिन रोज़मर्रा की ज़िंदगी में मौजूद कई अनकही कहानियों को अक्सर भूल जाते हैं, खासकर उन लोगों की जिनसे हम असाधारण कहानियों की उम्मीद नहीं करते।” फिल्म को प्रस्तुत करने के अपने फैसले पर मोटवानी ने कहा, “मुझे यह फिल्म बेहद पसंद आई। मुझे लगता है कि लोगों को इसे देखना चाहिए। यह सिर्फ सौंदर्य के स्तर पर ही नहीं, बल्कि कहानी और भावना के स्तर पर भी चर्चा योग्य फिल्म है।” थर्सडे स्पेशल’ का प्रीमियर 29 जनवरी को ह्यूमन्स ऑफ सिनेमा के यूट्यूब चैनल पर किया जाएगा।

Next Post

यश राज फिल्म्स ने जारी किया ‘मर्दानी 3’ का नया ट्रैक

Tue Jan 20 , 2026
मुंबई, 20 जनवरी (वार्ता) यश राज फिल्म्स ने अपनी आने वाली फिल्म ‘मर्दानी 3’ का नया ट्रैक रिलीज कर दिया है। ब्लॉकबस्टर फ्रेंचाइजी मर्दानी की तीसरी किस्त में रानी मुखर्जी एक बार फिर दमदार, निडर और जांबाज पुलिस अधिकारी शिवानी शिवाजी रॉय के रूप में वापसी कर रही हैं, जो […]

You May Like