17 वर्ष बाद गुम हुई नाबालिग बालिका सकुशल मिली, इंस्टाग्राम रील बनी परिवार से मिलन का माध्यम

सागर। सागर जिले के बीना थाना क्षेत्र अंतर्गत चौकी मंडी बामोरा क्षेत्र से सत्रह वर्ष पूर्व 10 वर्षीय नाबालिग बालिका के गुम होने पर परिजन की रिपोर्ट पर गुम इंसान कायम किया गया था। बाद में उच्चतम न्यायालय के निर्देशानुसार गुमशुदा नाबालिगों के प्रकरण में अपराध दर्ज किए जाने के निर्देश के पालन में थाना बीना में धारा 363 IPC पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। 2008 में यह बच्ची किसी तरह ट्रेन में बैठकर अहमदाबाद पहुंच गई, जहाँ कुछ सामाजिक संवेदनशील लोगों को वह मिली, जिन्होंने वर्षो तक उसे सुरक्षित रखकर पाला-पोसा और शिक्षा दी। बच्ची अपने नाना-नानी (भोपाल) का स्थान बता पाती थी, इसलिए वे लोग उसे भोपाल भी लेकर पहुँचे, परंतु सटीक पता न मिलने के कारण परिवार का मिलान नहीं हो पाया।कई वर्षों बाद, अब बालिग हो चुकी बालिका ने इंस्टाग्राम पर रील देखते समय एक वीडियो में मंडीबामोरा रेलवे स्टेशन का बोर्ड देखा, जिसे देखकर उसकी पुरानी यादें ताज़ा हो गईं। उसने यह बात अपने पति को बताई और दोनों ने मंडीबामोरा पुलिस चौकी से संपर्क किया। चौकी प्रभारी एवं स्टाफ ने इस संवेदनशील मामले को अत्यधिक गंभीरता से लेते हुए बच्ची और उसके पति को मंडीबामोरा बुलाया व परिवार की खोज कर उन्हें चौकी पर बुलाया। इस दौरान बच्ची अपने माता-पिता को पहचान नहीं पाई, किंतु पिता ने बेटी को देखते ही उसके माथे पर पुराने चोट के निशान के आधार पर पहचान लिया।

 

Next Post

बावड़िया कला में उपाध्याय श्री का मंगलमय प्रवास

Wed Dec 10 , 2025
भोपाल। 108 उपाध्याय विशोक सागर एवं 108 मुनि श्री विनिबोध सागर चौमासे के पश्चात शहर के विभिन्न मंदिरों के दर्शन एवं श्रावकों को धार्मिक उपदेश प्रदान करने हेतु श्री 1008 वासुपूज्य जिनालय, बावड़िया कला के भव्य मंदिर में पधारे। चार दिवसीय मंगलमय प्रवास के उपरांत उनका विहार श्री 1008 आदिनाथ […]

You May Like