
सीधी।सीधी ज़िले के ग्राम पंचायत अहिरान टोला के पूर्व सचिव यज्ञनारायण तिवारी ने 10 जून से डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष आमरण अनशन पर बैठने और न्याय न मिलने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है। तिवारी का आरोप है कि उन्हें 2019 में तत्कालीन सीईओ प्रभात मिश्रा ने निजी द्वेषवश फर्जी प्रतिवेदन बनवाकर बर्खास्त किया। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालय जबलपुर ने आदेश में जांच प्रक्रिया को पक्षपातपूर्ण और नियमविरुद्ध करार दिया है तथा बहाली पर पुनर्विचार के निर्देश दिए हैं। न्यायालय का फैसला आए 90 दिन हो चुके हैं, पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। तिवारी ने मुख्यमंत्री, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक व सीईओ को पत्र देकर चेतावनी दी है कि न्याय न मिलने की स्थिति में वे अपना जीवन त्यागने को बाध्य होंगे। उनका कहना है कि वे 1995 से पंचायत सचिव पद पर कार्यरत रहे और निष्पक्ष सेवा दी, पर उन्हें षड्यंत्र का शिकार बनाया गया।
