पाउच में पैक कर कूरियर से भेज रहे थे ड्रग्स, इंदौर बना नया हब!

इंदौर: मेट्रो शहरों की तरह अब इंदौर में भी ड्रग्स की तस्करी ने नया रूप ले लिया है. शहर में ड्रग्स तस्कर अब गुटखा और पान मसाला जैसे पाउच में एमडी ड्रग्स की गोलियां पैक कर कूरियर से भेजने लगे हैं. हैदराबाद पुलिस की कार्रवाई में इस नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिसमें इंदौर के तस्करों के नाम सामने आए हैं. क्राइम ब्रांच अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क पर नकेल कसने की तैयारी में है.

सूत्रों के अनुसार, हैदराबाद और बेंगलुरु में हाल ही में पकड़े गए रैकेट ने खुलासा किया कि ड्रग्स की गोलियों को रंगीन बनाकर लाल, नीली और पीली आकर्षक पैकिंग में बेचा जा रहा है. इन गोलियों को गुटखा या पान पराग जैसे छोटे पाउच में भरकर मशीन से सील किया जाता है, ताकि पहचान न हो सके. इसी तरीके से यह माल कूरियर कंपनियों के जरिए शहरों तक पहुंचाया जा रहा है. इस नेटवर्क में इंदौर के एक तस्कर का नाम भी सामने आया है, जो यहां से मशीन के जरिए ड्रग्स पाउच पैक कर अलग-अलग राज्यों में भेज रहा था.

निक्की भाऊ से जुड़ा हो सकता है रैकेट
हैदराबाद पुलिस की टीम कुछ दिन पहले इंदौर पहुंची थी और उसने डीसीपी राजेश त्रिपाठी और एडीसीपी राजेश दंडोतिया को इस तरह के ड्रग्स पाउच दिखाए थे. इसके बाद से ही इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम इस रैकेट की जड़ तक पहुंचने में जुटी हुई है. जांच में सामने आया है कि यह रैकेट कुख्यात निक्की भाऊ उर्फ निक्की मराठा से भी जुड़ा हो सकता है. निक्की कुख्यात गुंडे नरेन्द्र कुशवाह का करीबी बताया जाता है. नरेन्द्र की हत्या हो चुकी है, जबकि निक्की को भी पहले गोली लग चुकी है. उस पर एमआईजी थाने में ड्रग्स तस्करी का केस दर्ज हो चुका है. फिलहाल, वह देवास नाका क्षेत्र में सक्रिय बताया जा रहा है.

कर्मचारियों की भूमिका जांच के दायरे में
क्राइम ब्रांच अधिकारियों के मुताबिक, नेटवर्क में स्थानीय सप्लायरों के अलावा कूरियर कंपनियों के कुछ कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में है. संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही इस गिरोह पर बड़ी कार्रवाई की जा सकती है.

Next Post

शहर में एक ही रात में 51 नशेड़ी पकड़े

Tue Oct 28 , 2025
इंदौर:देश के सबसे स्वच्छ शहर माने जाने वाले इंदौर में गांजा, शराब और ड्रग्स का नशा करने वालों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है. नशे की हालत में कई अपराधी वारदातों को अंजाम देते हैं. इससे शहर में अपराध के मामले भी बढ़ रहे हैं. इस पर […]

You May Like