भोपाल। गरीबी और मुश्किल परिस्थितियों के बावजूद एमपी बोर्ड की 12वीं परीक्षा में 500 में से 500 अंक हासिल कर स्टेट टॉपर बनीं चांदनी विश्वकर्मा से मिलने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव भोपाल के भीमनगर पहुंचे। खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री ई-स्कूटर चलाकर संकरी गलियों से चांदनी के घर पहुंचे और सुरक्षित यातायात के साथ ईंधन बचत व पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने चांदनी और उनके परिवार से मुलाकात कर उनकी सफलता की सराहना की। उन्होंने चांदनी की आगे की पढ़ाई में पूरा सहयोग देने का भरोसा दिलाया और कहा कि आर्थिक तंगी उनकी प्रतिभा के रास्ते में बाधा नहीं बनने दी जाएगी। साथ ही परिवार की समस्याएं सुनकर नए घर के निर्माण या पुराने घर की मरम्मत करवाने का आश्वासन भी दिया।
चांदनी का सपना भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनकर देश की सेवा करना है। मुख्यमंत्री ने स्थानीय लोगों से जनसंवाद भी किया, सरकार की योजनाओं की जानकारी साझा की और चांदनी व उनके परिवार के साथ सेल्फी लेकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
