बीएलएस इंटरनेशनल को मिला चीन में भारतीय वीजा केंद्रों के परिचालन का ठेका

नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (वार्ता) टेक-आधारित सेवा प्रदाता कंपनी बीएलएस इंटरनेशनल सर्विसेज लिमिटेड को चीन में भारतीय वीजा आवेदन केंद्रों की स्थापना और परिचालन का तीन साल का ठेका मिला है।

कंपनी ने गुरुवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि यह ठेका 14 अक्टूबर से प्रभावी हो गया है। समझौते की शर्तों के तहत उसे चीन की राजधानी बीजिंग के अलावा शंघाई और ग्वांग्झू में भी वीजा आवेदन केंद्रों की स्थापना और संचालन की जिम्मेदारी दी गयी है।

विभिन्न देशों की सरकारों और मिशनों को वीजा, दूतावासों से संबंधित तथा अन्य सेवाएं प्रदान करने वाली बीएलएस इंटरनेशनल के संयुक्त प्रबंध निदेशक शिखर अग्रवाल ने इसे कंपनी के लिए महत्वपूर्ण मील का पत्थर बताया। उन्होंने इसके लिए विदेश मंत्रालय को धन्यवाद दिया है।

ठेका मिलने की घोषणा के बाद आज कंपनी के शेयरों में 10 प्रतिशत की जबरदस्त उछाल देखा गया।

इससे पहले विदेश मंत्रालय ने कंपनी को दो साल के लिए विदेश स्थित भारतीय मिशनों से संबंधित किसी भी ठेके के लिए बोली लगाने से प्रतिबंधित कर दिया था जिसके बाद कंपनी के शेयर 18 फीसदी से अधिक टूट गये थे। हालांकि यह प्रतिबंध सिर्फ नयी निविदाओं पर लागू होंगे।

उल्लेखनीय है कि मौजूदा वित्त वर्ष की पहली तिमाही में कंपनी के कुल राजस्व में भारतीय मिशनों का योगदान लगभग 12 प्रतिशत और परिचालन लाभ में आठ प्रतिशत था।

 

Next Post

विश्व में 67.3 करोड़ लोग भूखमरी के शिकार

Thu Oct 16 , 2025
नयी दिल्ली, 16 अक्टूबर (वार्ता) विश्व में लगभग 67.3 करोड़ लोगों को पर्याप्त भोजन भी नहीं मिल पाता है, जबकि वैश्विक स्तर पर इतना खाद्यान उत्पादित होता है जो पूरी वैश्विक आबादी का पोषण करने के लिए पर्याप्त है। भूखमरी का दंश झेल रही यह आबादी विश्व की कुल आबादी […]

You May Like

Play sound