कलिंगा ब्लैक टाइगर्स और हैदराबाद हीरोज ने जीएमआर रग्बी प्रीमियर लीग में जीत दर्ज की

मुंबई, (वार्ता) जीएमआर रग्बी प्रीमियर लीग सीजन वन के मुकाबलों में कलिंगा ब्लैक टाइगर्स और हैदराबाद हीरोज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की।

आज शाम यहां शाहाजी राजे भोसले स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स (अंधेरी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स) में खेले गए मुकाबले में टाइगर्स ने मुंबई ड्रीमर्ज़ को हराया, वहीं हैदराबाद हीरोज ने चेन्नई बुल्स पर जीत हासिल की। दिलचस्प बात यह रही कि हीरोज और बुल्स दोनों ही टीमें सोमवार को नॉकआउट चरण के लिए क्वालीफाई कर चुकी थीं।

दिन के पहले मुकाबले में कलिंगा ब्लैक टाइगर्स ने मुंबई ड्रीमर्ज़ के खिलाफ शानदार और प्रभावशाली खेल दिखाते हुए उन्हें 33-5 से पराजित किया। कलिंगा ब्लैक टाइगर्स ने शुरुआत से ही शानदार खेल दिखाया और मुंबई ड्रीमर्ज़ को दबाव में रखा। पहले क्वार्टर के अंत से ठीक पहले पेरी बेकर ने एक शानदार ट्राई की, जिसे मॉरिस लॉन्गबॉटम ने आसानी से कन्वर्ट कर लिया। थोड़ी ही देर में बेकर ने एक और ट्राई की और इस बार ईथन टर्नर ने सफलतापूर्वक किक को कन्वर्ट किया। हाफ टाइम तक कलिंगा ब्लैक टाइगर्स 14-0 की बढ़त ले चुके थे।

ब्रेक के बाद भी टाइगर्स का दबदबा कायम रहा और इस बार ईथन टर्नर ने खुद एक ट्राई किया। दूसरी ओर, डीमर्ज ने आखिरकार स्कोर बोर्ड पर अपना नाम दर्ज कराया जब एलियास हैनकॉक ने ट्राई की। ड्रीमर्ज़ की वापसी की उम्मीदों पर टाइगर्स ने पानी फेर दिया, जब लुकास लैकेम्प ने दो त्वरित ट्राई किए और लॉन्गबॉटम ने दोनों कन्वर्ज़न को सफलता से पूरा किया।

दिनन के दूसरे मुकाबले में हैदराबाद हीरोज और चेन्नई बुल्स के बीच शानदार मुकाबला देखने को मिला, जिसमें हीरोज ने जीत दर्ज की। हीरोज ने 17-0 से मुकाबला अपने नाम किया और यह टूर्नामेंट में दूसरी बार हुआ जब कोई टीम एक भी अंक नहीं बना सकी।हैदराबाद हीरोज ने मुकाबले की शुरुआत में ही केविन वेकेसा और टेरियो तमानी की ट्राई की बदौलत बढ़त बना ली। तमानी ने अपनी किक को भी सफलतापूर्वक कन्वर्ट किया, जिससे हीरोज को 12 अंकों की मजबूत बढ़त मिल गई। अंतिम क्षणों में भूपिंदर सिंह ने ट्राई करते हुए जीत को पक्का कर दिया।

 

Next Post

अनाहत और चिनप्पा की जोड़ी एशियाई स्क्वैश चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में

Wed Jun 25 , 2025
जोहोर (मलेशिया) (वार्ता) अनाहत सिंह और जोशना चिनप्पा की भारतीय जोड़ी ने मंगलवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियाई स्क्वैश युगल चैंपियनशिप 2025 के महिला वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बना ली है। आज यहां एरिना एमास में खेले गये मुकाबले में अनाहत सिंह और जोशना चिनप्पा की जोड़ी ने […]

You May Like