नयी दिल्ली, 15 जुलाई (वार्ता) कांग्रेस ने कहा है कि पाकिस्तान उच्चायोग के साथ संबंध रखने और संदेहस्पद गतिविधियों के आरोप में गिरफ्तार ब्लागर ज्योति मल्होत्रा ने खुद स्वीकार किया है कि वह भाजपा की हरियाणा इकाई की सदस्य रही हैं और भाजपा के कई बड़े नेताओं से उनके नजदीकी संबंध थे।
कांग्रेस सोशल मीडिया विभाग की प्रमुख सुप्रिया श्रीनेत ने मंगलवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ज्योति मल्होत्रा की पाकिस्तान हाईकमीशन के कुछ लोगों के साथ काफी करीबी थी और बॉर्डर पार करके उसने पाकिस्तान की यात्रा भी की थी।
उन्होंने ज्योति मल्होत्रा का परिचय देते हुए उसकी फोटो पत्रकारों को दिखाते हुए कहा “आप जिस महिला की तस्वीर देख रहे हैं, इसका नाम- ज्योति मल्होत्रा है। ये एक वीडियो ब्लॉगर है, जिसे पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है।”
कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि यह महिला जब भारत का बॉर्डर पार करके पाकिस्तान पहुंची, तो खुद को हरियाणा भाजपा का सदस्य बताया था। दो और तस्वीरें देखनी जरूरी हैं- जिसमें वो ‘वंदे भारत’ ट्रेन के उद्घाटन में पहुंची थी, जहां वो वी. मुरलीधरन (तत्कालीन विदेश राज्य मंत्री) और के. सुरेंद्रन (भाजपा के तत्कालीन केरल अध्यक्ष) जैसे भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ देखी गई।
