सतना: जिले के सिंहपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टीकर गांव में एक युवक का शव झोपड़ी में फंदे पर लटका पाए जाने से गांव में सनसनी फैल गई. मृतक के परिजनों द्वारा हत्या के गंभीर आरोप लगाए गए हैं. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है.टीकर गांव में युवक का शव फंदे पर लटके पाए जाने की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई. मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने पाया कि गुलाबी रंग के दुपट्टे के फंदे पर युवक लटका हुआ था. दुपट्टे का एक छोर जहां झोपड़ी के छत की लकड़ी से बंधा हुआ था, वहीं दूसरा सिरा युवक की गर्दन से बंधा हुआ था.
पुलिस टीम ने यह भी पाया कि फंदे से लटका रहे युवक का घुटना और पैर जमीन पर था. पहली नजर में वह बैठा हुआ नजर आ रहा था. पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में मृ़तक की पहचान पंकज सिंह पिता सिद्धेश्वर उम्र 35 वर्ष निवासी टीकर के तौर पर हुई. पुलिस द्वारा घटना स्थल सहित आस पास के क्षेत्र की बारीकी से जांच करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टंम के लिए भेज दिया. पुलिस के अनुसार विस्तृत पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही मृत्यु का कारण सामने आ सकेगा. वहीं पुलिस द्वारा परिजन सहित गांव के लोगों से पूछताछ करते हुए घटना के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. बहुत जल्द ही घटना की सच्चाई सामने आ जाएगी.
दुपट्टे से गला घोंटा
घटना से आक्रोशित परिजनों ने पुलिस के सामने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पंकज की हत्या कर उसे लटका दिया गया है. परिजनों के अनुसार हालिका दहन की रात्रि में पंकज को कुछ खिला-पिला दिया गया. जिसके बाद दुपट्टे से उसका गला घोंटकर हत्या कर दी गई. हत्या करने के बाद आत्महत्या दिखाने के लिए उसे फंदे से लटका दिया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए जब पुलिस द्वारा पूछताछ शुरु की गई तो 2 महिलाओं समेत 1 व्यक्ति संदेह के दायरे में आ गए. जिसे देखते हुए पुलिस द्वारा महिलाओं से पूछताछ शुरु कर दी गई. जबकि संदेही व्यक्ति फरार हो गया
