जोहोर (मलेशिया) (वार्ता) अनाहत सिंह और जोशना चिनप्पा की भारतीय जोड़ी ने मंगलवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियाई स्क्वैश युगल चैंपियनशिप 2025 के महिला वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
आज यहां एरिना एमास में खेले गये मुकाबले में अनाहत सिंह और जोशना चिनप्पा की जोड़ी ने क्वार्टर फाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए फिलीपींस की जेमिका एरिबाडो और यवोन एलिसा डालिडा की जोड़ी को मात्र 12 मिनट में 2-0 (11-6, 11-3) से हराया।
भारत की अन्य महिला युगल जोड़ी, पूजा अर्थी रघु और रथिका सीलन ने अपने पूल बी मैच में सिंगापुर की विक्की यू यिंग लाई और ग्रेसिया चुआ रुई एन को 2-0 (11-8, 11-9) से हराकर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। हालांकि, वे अपना क्वार्टर फाइनल मैच मलेशिया की आइना अमानी और यी शिन यिंग से 2-0 (11-7,11-8) से हार गई और वे अब प्लेसमेंट राउंड में पांचवें से आठवें स्थान को लेकर स्पर्धा करेगी।
पुरुष युगल वर्ग में गत चैंपियन अभय सिंह और वेलावन सेंथिलकुमार की जोड़ी ने एक गेम से पिछड़ने के बाद वापसी करते हुए क्वार्टर फाइनल में कोरिया गणराज्य के मिंवु ली और जूयंग ना के खिलाफ 2-1 (10-11, 11-3, 11-5) से जीत दर्ज की।
दूसरी ओर, रवि दीक्षित और गुहान सेंथिलकुमार की जोड़ी को क्वार्टर फाइनल में हांगकांग चीन के चेउक नाम लाई और वैलोक टो के खिलाफ 2-0 (11-6, 11-8) से हार का सामना करना पड़ा।
इस बीच, भारत की दोनों मिश्रित युगल स्क्वैश टीमों को राउंड ऑफ 12 में बाई मिली और वे क्वार्टर फाइनल में पहुँच गईं, जो बुधवार को होगा।
एशियाई खेलों के कांस्य पदक विजेता और शीर्ष वरीयता प्राप्त अनाहत सिंह और अभय सिंह मिश्रित युगल के क्वार्टर फाइनल में फिलीपींस के जेमिका एरिबाडो और डेविड विलियम पेलिनो से भिड़ेंगे।
जोशना चिनप्पा और वेलावन सेंथिलकुमार का मिश्रित युगल के अंतिम आठ में मलेशिया की एशियाई खेलों की पदक विजेता आइरा अजमान और जोआचिम चुआ से मुकाबला होगा।
