
भोपाल। रातीबड़ थाना इलाके में एक एक्टिवा सवार महिला की मौत हो गई. महिला की मौत, जिस स्कूल बस की चपेट में आने से हुई, उसका चालक मौके से फरार हो गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है. आरोपी चालक की तलाश करते हुए, पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक भारती मोर्य पति अखिलेश (46) ग्लोबल सिटी कॉलोनी कटारा हिल्स की रहने वाली थी. भारती नीलबड़ स्थित शारदा विद्या मंदिर स्कूल में काउंसलर के तौर पर थीं. शनिवार को भारती ड्यूटी के बाद अपनी एक्टिवा से घर लौट रहीं थी. इस दौरान भदभदा पुलिस चौकी के पास पहुंची, तभी टर्निंग पर पीछे से एक स्कूल की बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में भारती गंभीर रूप से घायल हो गई. कुछ राहगीरों ने उन्हें तुरंत जेपी अस्पताल पहुंचाया, जहां पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. रातीबड़ थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दिया है.
