
(विनय असाटी)
दमोह। दमोह-कटनी मार्ग पर स्थित घाट पिपरिया के आगे बमनी भदभदा वॉटरफॉल इन दिनों प्राकृतिक आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। पूरी तरह चट्टानी क्षेत्र के बीच स्थित यह वॉटरफॉल अपनी खूबसूरती से लोगों को अपनी ओर खींच रहा है।बरसात में भरपूर पानी के कारण यहां सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक उत्साहित लोग पहुंचकर प्राकृतिक नजारों का आनंद ले रहे हैं। साथ ही सेल्फी, फोटो और रील्स बनाने का क्रेज भी देखने को मिल रहा है। दमोह से भदभदा घाट- बमनी गांव वॉटरफॉल तक बाइक और कार दोनों से पहुंच रहे हैं। आखिरी 1-2 किलोमीटर का रास्ता कच्चा है। बरसात में चट्टानों पर फिसलन अधिक रहती है। झरने के पास पानी का तेज बहाव और गहराई होने से डर का माहौल रहता है। बच्चों का विशेष ध्यान रखें और झरने के पास ज्यादा अंदर न जाएं। स्थानीय लोग क्या ले जा रहे हैं। पानी, खाने का सामान, एक्स्ट्रा कपड़े, तौलिया, न फिसलने वाली चप्पल और पावर बैंक। शनिवार को जब नवभारत टीम ने मौके पर जाकर जायजा लिया तो पाया कि आकर्षण के साथ-साथ यहां सुरक्षा इंतजामों की जरूरत भी महसूस हो रही है। प्रशासन से अपेक्षा है कि बरसात के सीजन में यहां सूचना पट्ट और निगरानी की व्यवस्था की जाए ताकि पर्यटक सुरक्षित रूप से प्रकृति का आनंद ले सकें।
