फागुन मेले में युवक की चाकू मारकर हत्या, 3 आरोपी गिरफ्तार

बैतूल। आठनेर थाना क्षेत्र में आयोजित फागुन मेले के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या का प्रकरण दर्ज कर मुख्य आरोपी सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है। घटना 5 मार्च की शाम ग्राम हिरादेही में लगे फागुन मेले की है। पुलिस के मुताबिक, ग्राम बैरमढाना निवासी चश्मदीद राम प्रसाद ने रिश्तेदार के घर के बाहर विवाद देखा। वहां सातकुंड निवासी आरोपी मोहित बाडिया अपने साथियों के साथ मिलकर गोविंद और विशाल से गाली-गलौज व मारपीट कर रहा था। विवाद बढऩे पर आरोपियों ने धारदार चाकू निकालकर हमला कर दिया। गोविंद की कमर में और विशाल की जांघ व कंधे पर चाकू के गंभीर वार किए गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने गोविंद को मृत घोषित कर दिया, जबकि विशाल का इलाज जारी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इस हत्याकांड की असली वजह एक पुराना विवाद था। करीब दो सप्ताह पहले एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर नाचने को लेकर गोविंद, विशाल और आरोपी मोहित के बीच कहासुनी हुई थी। इसी बात की रंजिश पाले बैठे आरोपियों ने मेले में दोनों को अकेला पाकर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।

Next Post

सीएम डॉ यादव ने पूर्व विधायक स्व. राव राजकुमार सिंह यादव को दी श्रद्धांजलि

Sun Mar 8 , 2026
भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अशोकनगर जिले के ईसागढ़ के ग्राम महुअन पहुंचकर चंदेरी विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राव राजकुमार सिंह यादव के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने स्व. यादव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा परिजन से मुलाकात कर […]

You May Like