
सिंगरौली। निगरी पुलिस चौकी क्षेत्र के गोपद नदी को अवैध रेत कारोबारी छलनी कर रहे हैं। बार-बार शिकायत के बावजूद पुलिस की चुप्पी पर तरह-तरह के सवाल किये जा रहे हैं। वहीं अवैध रेत कारोबारी विरोध करने वालों को ट्रैक्टर से रौंदने की धमकी दे रहे हैं, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है।
दरअसल निगरी पुलिस चौकी क्षेत्र के गोपद नदी -कटई के रास्ते से दिन-रात रेत का अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण धड़ल्ले के साथ जारी है। आलम यह है कि इन ट्रैक्टरों पर शिकंजा कसने वालों पर रेत कारोबारी डराते और धमकाते भी हैं। चर्चा है कि अवैध रेत कारोबारियों को, यानी रेत माफियाओं को पुलिस का संरक्षण मिला हुआ, जिसके चलते रेत माफियाओं का हौसला बुलंद है और उसके आसपास कई जगह रेत का अवैध भंडारण भी किया गया है। खनिज अमले के संज्ञान में भी आया है। वहीं चर्चाएं यहां तक की जा रही है कि प्रत्येक ट्रैक्टरों से चार-चार हजार रूपये वसूल किया जा रहा है और पुलिस मुखबिर भी तैनात किया है, ताकि उन्हें कोई पकड़ न पाए। फिलहाल निगरी क्षेत्र में गोपद नदी के दोहन किये जाने को लेकर पुलिस राजस्व एवं खनिज की चुप्पी पर अनेको सवाल खड़े किये जा रहे हैं।
ट्रैक्टर चालक के धमकाने का वीडियो वायरल
सोशल मीडिया में एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, ट्रैक्टर चालक से एक व्यक्ति रेत उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण का विरोध करने लगा, जहां ट्रैक्टर चालक साफ शब्दों में कह रहा है कि ट्रैक्टर रोकवाने की कोशिश मत करना, वरना सामने आओगे तो कुचल दूंगा। चालक बिना किसी डर-भय के सीधे तौर पर धमका रहा है। हालांकि इस वीडियो की पुष्टि नवभारत नही करता है, लेकिन वायरल वीडियो के बाद अवैध रेत परिवहन कर्ता, चालक के बढ़ते हौसले को लेकर पुलिस की अब तक की चुप्पी पर तरह-तरह के प्रश्न किये जा रहे हैं। वहीं निगरी क्षेत्र के कई नागरिको ने एसपी का ध्यान आकृष्ट कराते हुये धमकाने वाले ट्रैक्टर चालक के विरूद्ध कार्रवाई किये जाने की मांग की जाने लगी है। साथ ही निगरी पुलिस की भूमिका जांच कराने की मांग की जा रही है।
