मादक पदार्थ के सेवन का टेस्ट पॉज़िटिव आने के बाद नवाज की जाँच चल रही है: पीसीबी

लाहौर, 22 अप्रैल (वार्ता) पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बुधवार को कहा कि मोहम्मद नवाज के मादक पदार्थ सेवन की टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद इस मामले में जांच चल रही है। पीसीबी के प्रवक्ता ने बताया, “ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को इस मामले की जानकारी दी है और पीसीबी ने जरूरी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस प्रक्रिया के नतीजे आज आईसीसी को बता दिए जाएंगे।” मोहम्मद नवाज आईसीसी की एंटी-डोपिंग प्रक्रिया के दायरे में है। उनका टेस्ट एक ‘रिक्रिएशनल ड्रग’ (नशे वाली दवा) के इस्तेमाल के लिए पॉजिटिव आया है। इसके कारण इंग्लैंड में होने वाले टी-20 ब्लास्ट के लिए सरे टीम में शामिल होने का नवाज का करार टूट गया है। नवाज ने पाकिस्तान के लिए 98 टी-20 मैच खेले हैं।

उल्लेखनीय है कि यह पॉजिटिव नतीजा इस साल की शुरुआत में टी-20 वर्ल्ड कप के दौरान किए गए टेस्ट से आया है। 32 साल के नवाज ने श्रीलंका में पाकिस्तान के सभी सात मैचों में हिस्सा लिया था, जहां टीम सुपर-8 स्टेज से बाहर हो गई थी, इन मैचों में उन्होंने 15 रन बनाए और सात विकेट लिए। नवाज ने सरे के साथ करार करने पर सहमति जताई थी, और उन्हें पूरे ब्लास्ट टूर्नामेंट के लिए उपलब्ध रहना था, जो 26 मई से 18 जुलाई तक चलेगा। पीसीबी ने दो हफ्ते पहले घोषणा की थी कि नवाज को ब्लास्ट के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) दे दिया गया है, और सरे ने इस हफ़्ते उनके टीम में शामिल होने की घोषणा करने की योजना बनाई थी। लेकिन अब यह करार टूट गया है, और नवाज इस गर्मी में क्लब में शामिल नहीं होंगे। सरे ने इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। आईसीसी ने भी इस मामले पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।

Next Post

एल-क्लासिको मुक़ाबले में जारी रह सकती है सैमसन की निरंतरता की ख़ोज

Wed Apr 22 , 2026
मुंबई, 22 अप्रैल (वार्ता) आईपीएल 2026 में गुरूवार को एल-क्लासिको मुक़ाबले में मुंबई इंडियंस (एमआई ) का सामना चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से मुंबई में होगा। अंक तालिका में निचले पायदानों पर चल रहीं आईपीएल की दो सबसे सफल टीमों के बीच अब तक 39 मुक़ाबले हुए हैं, जिसमें एमआई […]

You May Like