इंदौर: चाकूबाजी कर इलाके में सनसनी मचाने वाले बदमाश आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गए. हीरा नगर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. खास बात यह रही कि पुलिस से बचने की कोशिश में भागते वक्त तीनों गिर पड़े, जिससे उनके पैर टूट गए और गिरफ्तारी आसान हो गई.थाना प्रभारी सुशील पटेल ने बताया कि चाकूबाजी की वारदात के बाद से आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहे थे और मोबाइल लोकेशन भी बंद रख रहे थे.
सूचना मिलने पर हीरा नगर पुलिस ने अलग अलग टीम बनाकर उनकी घेराबंदी शुरू की. इसी दौरान पुलिस दबिश से घबराकर आरोपी भागने लगे, लेकिन जल्दबाजी में गिरने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए. इसके बाद पुलिस ने तीनों को मौके से ही दबोच लिया. पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं और इनके खिलाफ शहर के अलग अलग थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं.
वारदात के बाद से ये लोग इलाके में दहशत फैलाने के इरादे से फरार थे, लेकिन पुलिस की सक्रियता के चलते ज्यादा देर तक बच नहीं पाए. फिलहाल तीनों आरोपियों को उपचार के बाद पुलिस अभिरक्षा में रखा है. उनके खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की पूछताछ की जा रही है. पुलिस यह भी खंगाल रही है कि वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे और कहीं किसी और घटना को अंजाम देने की साजिश तो नहीं रची जा रही थी.
