भोपाल।राजधानी की एक असप्ताल में डॉक्टरों ने कैंसर मरीज की किडनी से 10 गुना बड़ा ट्यूमर निकाला. जानकारी के अनुसार एक 58 साल के गैस पीड़ित मरीज बीते एक साल से अपने शरीर में किडनी से दस गुना बड़ा ट्यूमर लेकर जीवन जी रहे थे. हालांकि उनको इसका बिल्कुल भी आभास नहीं था. बड़े ट्यूमर की वजह से उनका पेट बाईं ओर से फूल गया था. पेट में कभी—कभी दर्द होता था, जो दवा खाने से ठीक हो जाता था. उन्होंने भोपाल मेमोरियल अस्पताल में परामर्श लिया. जांच में ट्यूमर की पुष्टि हुई. विभिन्न कारणों से आपरेशन करना काफी जोखिमभरा हो गया था, लेकिन बीमारी की गंभीरता देखते हुए बीएमएचआरसी के कैंसर सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने सफलतापूर्वक ट्यूमर को बाहर निकाला. डॉक्टरों का कहना है कि उन्होंने अपने पूरे कैरियर में कभी भी किडनी का इतना बड़ा ट्यूमर नहीं देखा. मरीज की हालत में अब काफी सुधार है और उन्हें बुधवार को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया जाएगा.
बीएमएचआरसी के कैंसर सर्जरी विभाग में सहायक प्रोफेसर डॉ सोनवीर गौतम ने बताया कि आमतौर पर सामान्य किडनी का आकार 9*3 सेंटीमीटर होता है, लेकिन ट्यूमर की वजह से कैंसर की वजह से किडनी 22*18 सेमी की हो गई थी. यह ट्यूमर हार्ट से शरीर के अन्य हिस्सों में रक्त का संचार करने वाली महाधमनी एओर्टा और अन्य नसों से चिपक गया था, जिसकी वजह से आपरेशन के दौरान नस के फटने और अधिक ब्लीडिंग का खतरा बना हुआ था. उन्होंने बताया कि कैंसर पेट में मौजूद लिम्फ नोड्स में भी फैल गया था. इन लिम्फ नोड्स को भी निकाल दिया, जिससे भविष्य में कैंसर के दोबारा होने की आशंका भी खत्म हो गई है.
