
पसान।नगर पालिका परिषद पसान द्वारा 20 और 21 जुलाई को भालूमाड़ा के रामलीला मैदान में दो दिवसीय विशाल दंगल का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों सहित पड़ोसी देश नेपाल के महिला एवं पुरुष पहलवान शिरकत करेंगे। नगर पालिका अध्यक्ष राम अवध सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि दंगल में हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश और नेपाल के कुश्ती खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। यह आयोजन बीते वर्षों की तरह इस बार भी बड़े उत्साह और तैयारी के साथ किया जा रहा है। दंगल के पहले दिन 20 जुलाई को सभी पहलवानों के मुकाबले आयोजित होंगे, वहीं 21 जुलाई को विजयी प्रतिभागियों के बीच फाइनल मुकाबले कराए जाएंगे, जिसके उपरांत पुरस्कार वितरण समारोह होगा। यह आयोजन दोपहर 12 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा और इसमें महिला एवं पुरुष दोनों वर्गों के पहलवानों को अपनी कुश्ती प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
