घर में घुसकर जंगली सुअर ने किया हमला,चार घायल

सतना। सुबह सवेरे लोग अपने रोजमर्रा के कार्य निबटा रह थे कि इसी दौरान घर में घुस आए जंगली सुअर ने अचानक हमला कर दिया. इस घटना के चलते एक महिला व किशोरी सहित 4 लोग बुरी तरह घायल हो गए. घायलों का उपचार जिला चिकित्सालय में जारी है जहां पर उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले के जैतवारा क्षेत्र अंतर्गत तुर्री मोड़ के निकट संत टोला में स्थित एक डोहर परिवार के घर में बुधवार की सुबह अचानक जंगली सुअर घुस आया. जंगली सुअर ने घर में घुसते ही आंगन में स्नान कर रहीं 50 वर्षीय बूटा डोहर पति बद्री विशाल पर हमला कर दिया. अचानक हुए हमले से बूटा अवाक रह गईं और किसी तरह स्वयं को संभालते हुए शोर मचाना शुरु किया. शोर को सुनकर बूटी का 14 वर्षीय बेटा रामलखन डोहर, 18 वर्षीय बेटी चंद्रमा डोहर और 50 वर्षीय पड़ोसी कल्लू डोहर भागते हुए अंदर पहुंचे. उन्होंने जब जंगली सुअर को वहां से हटाने का प्रयास किया तो सुअर ने उन पर भी हमला कर दिया. इस दौरान घर के अंदर कोहराम मचा रहा. वहीं कुछ देर बाद ही चारों लोगों को घायल करने के बाद जंगली सुअर वहां से भाग निकला. जिसे देखते हुए गांव के और लोग भी वहां पहुंच गए. आनन-फानन में चारों को उपचार के लिए जैतवारा स्थित स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. लेकिन वहां पर चिकित्सक उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें कोठी स्थित स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय के लिए रेफर कर दिया गया. जिला चिकित्सालय में उनका उपचार जारी है व हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.

शरीर पर गंभीर चोट

जंगली सुअर द्वारा किए गए हमले में श्रीमती बूटा के चेहरे और सिर पर गंभीर चोट आई हैं. इसी कड़ी में उनके बेटे और बेटी के हाथ पैर चोटिल हैं. जबकि सुअर के हमले की वजह से कल्लू के हाथ में फ्रैक्चर आ गया है. घायलों ने बताया कि जंगली सुअर का व्यवहार लगभग पागलों जैसा था. वह बिना कुछ सोचे-समझे अपने सामने आने वाले हर व्यक्ति पर हमला किए जा रहा था. इस दौरान उसकी गति इतनी तेज थी कि संभल पाना संभव नहीं था.

Next Post

मासूम के उपचार में आड़े आ रही आर्थिक तंगी..?रीवा रेफर के बावजूद घर ले गए परिजन

Thu May 14 , 2026
सतना। हृदय रोग से पीडि़त डेढ़ वर्षीय मासूम का वजन महज 4.6 किलो रह गया है. सीएचसी मझगवां से रेफर किए जाने के बाद जिला चिकित्सालय में उसका 10 दिन तक उपचार हुआ. लेकिन वहां से मेडिकल कॉलेज रीवा रेफर किए जाने पर आथिक तंगी का हवाला देते हुए परिजन […]

You May Like